चंडीगढ़ मर्डर केस में बड़ी सफलता: कैथल मुठभेड़ के बाद दो शूटर गिरफ्तार
चंडीगढ़, 20 मार्च (अन्नू): चंडीगढ़ के पॉश इलाके सेक्टर-9 में बुधवार दोपहर को हुए प्रॉपर्टी डीलर चमनप्रीत सिंह नागरा उर्फ 'चिन्नी कुब्बाहेड़ी' हत्याकांड में पंजाब एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस टीम ने एक साहसिक कार्रवाई करते हुए हरियाणा के कैथल से दो शार्प शूटर्स को मुठभेड़ के बाद दबोच लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान फिरोजपुर निवासी राजन उर्फ पीयूष पहलवान और नवांशहर के रहने वाले प्रीतम के रूप में हुई है।
इस हाई-प्रोफाइल मर्डर मिस्ट्री के तार कुख्यात बंबीहा गैंग से जुड़ते नजर आ रहे हैं। वारदात के कुछ ही घंटों बाद सोशल मीडिया पर गैंगस्टर लकी पटियाल के नाम से एक पोस्ट वायरल हुई थी, जिसमें इस हत्याकांड की जिम्मेदारी ली गई है। पोस्ट में दावा किया गया है कि 31 वर्षीय प्रीत नागरा उनके विरोधियों को गुप्त सूचनाएं लीक कर रहा था, जिसके चलते उसे मौत के घाट उतारा गया। हालांकि, पुलिस अभी इस सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता और गैंग के दावों की बारीकी से जांच कर रही है।
वारदात के वक्त हमलावरों ने सेक्टर-9 में दिनदहाड़े अंधाधुंध गोलियां बरसाकर इलाके में दहशत फैला दी थी। चंडीगढ़ पुलिस और एजीटीएफ की संयुक्त सतर्कता के कारण आरोपियों को वारदात के महज कुछ समय बाद ही लोकेट कर लिया गया। कैथल में हुई घेराबंदी के दौरान शूटर्स ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की जवाबी कार्रवाई के बाद उन्हें आत्मसमर्पण करना पड़ा।
फिलहाल, पुलिस दोनों शूटरों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि इस हत्याकांड के पीछे छिपी पूरी साजिश और अन्य मददगारों का पर्दाफाश किया जा सके। चंडीगढ़ पुलिस इस मामले में जल्द ही अन्य गिरफ्तारियां होने की संभावना जता रही है।
#ChandigarhMurder #AGTF #PunjabPolice #BambihaGang #CrimeNews #HighProfileCase #HaryanaNews #PoliceEncounter #Chinninagra #Justice #DanikKhabar