20/03/26

चंडीगढ़: नई आबकारी नीति के तहत ठेकों की ई-नीलामी संपन्न, पलसोरा का ठेका 16.71 करोड़ में बिका

चंडीगढ़, 20 मार्च (अन्‍नू): चंडीगढ़ के होटल माउंटव्यू में नई आबकारी नीति के तहत शराब के ठेकों के लिए हुई ई-टेंडरिंग प्रक्रिया में प्रशासन पर जमकर धनवर्षा हुई है। गुरुवार को हुई इस नीलामी में सबसे महंगी बोली पलसोरा गांव के ठेके के लिए लगी, जो 16.71 करोड़ रुपये में नीलाम हुआ। गौर करने वाली बात यह है कि इस ठेके का आरक्षित मूल्य (रिजर्व प्राइस) 11.41 करोड़ रुपये तय किया गया था। इस सफल नीलामी से स्पष्ट है कि शहर में शराब के कारोबार को लेकर व्यापारियों में भारी उत्साह है।


नीलामी के दौरान दूसरे स्थान पर धनास गांव का ठेका रहा, जिसकी बोली 12.27 करोड़ रुपये तक पहुंची, जबकि इसका आरक्षित मूल्य 9.62 करोड़ रुपये था। वहीं, सेक्टर-61 का शराब ठेका 11.52 करोड़ रुपये की बोली के साथ तीसरे नंबर पर रहा। प्रशासन ने इस बार कुल 97 ठेकों को नीलामी के लिए रखा था, जिनमें से 84 ठेकों के लिए 195 आवेदकों ने अपनी दावेदारी पेश की। 83 सफल ठेकों से प्रशासन को कुल 496.81 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है, जो उनके कुल आरक्षित मूल्य से लगभग 29 प्रतिशत ज्यादा है।


प्रशासन ने बाजार में एकाधिकार या कार्टेलाइजेशन को रोकने के लिए इस बार कड़े नियम लागू किए हैं। नई नीति के तहत अब कोई भी व्यक्ति, परिवार या कंपनी अधिकतम 10 लाइसेंस ही अपने नाम कर सकती है। इस कैपिंग का उद्देश्य निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा बनाए रखना है। हालांकि, तकनीकी कारणों से एक ठेके की बोली को फिलहाल रोक दिया गया है।


जिन 14 ठेकों के लिए इस चरण में बोली नहीं लग पाई, उनके लिए विभाग जल्द ही दोबारा टेंडर प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी कर रहा है। आबकारी विभाग को पूरी उम्मीद है कि आगामी नीलामी में भी इन बचे हुए ठेकों से आरक्षित मूल्य की तुलना में कहीं बेहतर राजस्व हासिल होगा।


#ChandigarhNews #LiquorAuction #ExcisePolicy #RevenueGeneration #Palsora #Dhanas #ChandigarhAdministration #BusinessNews #TenderUpdate #DanikKhabar

Previous

चंडीगढ़ मर्डर केस में बड़ी सफलता: कैथल मुठभेड़ के बाद दो शूटर गिरफ्तार

Next

जयपुर में भ्रूण लिंग परीक्षण में लिप्त गिरोह का पर्दाफाश