दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच की बड़ी कामयाबी: विशेष अभियान में 6 नाबालिगों को किया रेस्क्यू, UP और हरियाणा से भी ढूँढ निकाले बच्चे
नई दिल्ली,15 मार्च (अन्नू): दिल्ली पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU), क्राइम ब्रांच ने एक विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 6 लापता और अपहृत बच्चों को सुरक्षित बरामद किया है। ISO-9001:2015 प्रमाणित इस यूनिट ने दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश और हरियाणा के विभिन्न जिलों में तकनीकी निगरानी और जमीनी स्तर पर जांच कर इन मासूमों को उनके परिवारों से मिलाया। डीसीपी (क्राइम-IV) पंकज कुमार के अनुसार, इन मामलों की संवेदनशीलता को देखते हुए एएचटीयू को नोडल एजेंसी के तौर पर जांच सौंपी गई थी।
इस अभियान की सबसे बड़ी उपलब्धि सरोजिनी नगर इलाके का वह मामला रहा, जिसमें अक्टूबर 2023 से लापता एक नाबालिग लड़की को करीब 3 साल बाद लखनऊ (UP) से बरामद किया गया। माननीय दिल्ली उच्च न्यायालय के आदेश पर दिसंबर 2025 में यह जांच क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर हुई थी, जिसे इंस्पेक्टर संजय कुमार की टीम ने तकनीकी सर्विलांस के जरिए महज दो महीने में सुलझा लिया। पुलिस ने इस मामले में 20,000 रुपये का इनाम भी घोषित किया था।
वहीं, एक अन्य मामले में रोहिणी के बेगमपुर इलाके से लापता हुई 17 वर्षीय किशोरी को हरियाणा के पानीपत से बरामद किया गया। जांच में सामने आया कि छात्रा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'इंस्टाग्राम' के जरिए एक युवक के संपर्क में आई थी। इसी तरह, न्यू अशोक नगर और बुद्ध विहार क्षेत्र से लापता बच्चों को भी पुलिस की अलग-अलग टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद कापसहेड़ा और शाहाबाद डेयरी जैसे इलाकों से सुरक्षित खोज निकाला।
क्राइम ब्रांच की टीम ने द्वारका सेक्टर-23 के एक नशा मुक्ति केंद्र (आशा गृह) से परीक्षा के दौरान लापता हुए एक अनाथ बच्चे को भी सुरक्षित रेस्क्यू किया है। वहीं, भलस्वा डेयरी इलाके से घर में हुए मामूली विवाद के बाद गुस्से में निकले 12 वर्षीय बालक को उत्तर प्रदेश के लोनी से बरामद किया गया। एसीपी सुरेश कुमार के नेतृत्व में इंस्पेक्टर मनोज दहिया, मुकेश कुमार और उनकी समर्पित टीम ने इन ऑपरेशनों को अंजाम दिया। बरामद किए गए सभी बच्चों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित थानों के जांच अधिकारियों को सौंप दिया गया है।
#DelhiPolice #CrimeBranch #AHTU #ChildSafety #RescueOperation #DelhiNews #LawAndOrder #HumanTrafficking #SuccessStory #OperationMilap #DanikKhabar