लोक सभा अध्यक्ष धर्मशाला में राष्ट्रमंडल संसदीय संघ के वार्षिक सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे
आरएस अनेजा, 29 जून नई दिल्ली
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सोमवार 30 जून 2025 को धर्मशाला के तपोवन में राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) भारत क्षेत्र के जोन II के वार्षिक सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। इस क्षेत्र में दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर तथा पंजाब राज्य शामिल हैं।
सम्मेलन का विषय है: “डिजिटल युग में सुशासन: संसाधनों का प्रबंधन, लोकतंत्र की रक्षा और नवाचार को अपनाना”
इस दो दिवसीय सम्मेलन के दौरान महत्वपूर्ण विधायी और संवैधानिक विषयों पर पूर्ण सत्रों और चर्चाओं के दौरान, प्रतिनिधि निम्नलिखित विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे:
1. राज्य के विकास के साथ-साथ राज्य संसाधनों के प्रबंधन में विधानमंडलों की भूमिका।
2. अनुच्छेद 102 (2) और 191 (2) के अनुसार 10वीं अनुसूची के अंतर्गत दल परिवर्तन के आधार पर निरर्हता के प्रावधान।
3. विधानमंडलों में एआई (आर्टिफिशल इंटेलिजेंस) का उपयोग।
हिमाचल प्रदेश के माननीय राज्यपाल, श्री शिव प्रताप शुक्ला 1 जुलाई को समापन सत्र में उपस्थित रहेंगे और समापन भाषण देंगे।
इस कार्यक्रम को आध्यात्मिक स्वरूप देते हुए परम पूज्य दलाई लामा के साथ विशेष संवाद का आयोजन किया जा रहा है जिससे सम्मेलन की कार्यवाही में शांति और आत्म-मंथन का समावेश होगा।
इस सम्मेलन का उद्देश्य लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करना, सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करना तथा वर्तमान समय में शासन और विधायी कामकाज में नवाचार को बढ़ावा देने पर चर्चा करना है।
सीपीए एक वैश्विक संगठन है जो संसदीय लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए सांसदों को एक साथ लाता है। सीपीए के वैश्विक स्तर पर नौ क्षेत्र हैं, जो हैं: अफ्रीका; एशिया; ऑस्ट्रेलिया; ब्रिटिश द्वीप और भूमध्यसागरीय (बीआईएम); कनाडा; कैरिबियन, अमेरिका और अटलांटिक (सीएए); भारत; प्रशांत; और दक्षिण-पूर्व एशिया। सीपीए भारत क्षेत्र के भीतर, नौ क्षेत्र हैं, जिनमें से प्रत्येक एक विशिष्ट भौगोलिक क्षेत्र को कवर करता है। जोन II इनमें से एक है, जो उपर्युक्त राज्यों पर ध्यान केंद्रित करता है।
***