कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में बड़ा हादसा: कंप्यूटर लैब के AC में ब्लास्ट, प्रैक्टिकल दे रहे 25 छात्रों को सुरक्षित निकाला, सारा सामान स्वाहा
कुरुक्षेत्र, 22 मई (अन्नू): हरियाणा की प्रतिष्ठित ए++ (A++) ग्रेड कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी (KU) से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यूनिवर्सिटी के कंप्यूटर साइंस एंड एप्लीकेशन डिपार्टमेंट की लैब में अचानक एक एयर कंडीशनर (AC) में जोरदार ब्लास्ट हो गया। हादसे के वक्त लैब के अंदर करीब 25 छात्र कंप्यूटर पर अपना प्रैक्टिकल एग्जाम दे रहे थे। तेज धमाके के साथ लगी आग के बाद पूरी लैब में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते चंद मिनटों में पूरा कमरा काले धुएं के गुबार से भर गया।
स्टाफ की मुस्तैदी से बची छात्रों की जान
विभाग के हेड ऑफ डिपार्टमेंट (HOD) प्रो. चंद्रकांत ने बताया कि जैसे ही AC में ब्लास्ट हुआ, आग तेजी से फैलने लगी। उन्होंने और वहां मौजूद स्टाफ ने बिना वक्त गंवाए सूझबूझ दिखाई और तुरंत पूरी लैब को खाली करवाया। सभी 25 छात्र-छात्राओं को सुरक्षित तरीके से इमारत से नीचे ग्राउंड फ्लोर पर भेजा गया। समय रहते उठाए गए इस कदम की वजह से एक बहुत बड़ा हादसा टल गया और किसी भी प्रकार की जनहानि या चोट लगने की घटना नहीं हुई।
आधे घंटे की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
हादसे के तुरंत बाद यूनिवर्सिटी के स्टाफ ने मौके पर मौजूद फायर एग्जीक्यूटर (अग्निशामक यंत्रों) की मदद से खुद आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग विकराल हो चुकी थी। इसके बाद तुरंत फायर ब्रिगेड और यूनिवर्सिटी की सिक्योरिटी टीम को सूचित किया गया। सूचना मिलने के करीब 15 से 20 मिनट के भीतर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।
कंप्यूटर सिस्टम, इलेक्ट्रॉनिक्स और कीमती सामान खाक
फायर ब्रिगेड ने आग तो बुझा दी, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। आग की भीषण लपटों के कारण लैब के अंदर रखा ज्यादातर कीमती सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया। हादसे में लैब के कई कंप्यूटर सिस्टम, ब्लास्ट हुआ AC, अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और वायरिंग जल गई है, जिससे यूनिवर्सिटी को काफी नुकसान पहुंचा है।
अत्यधिक गर्मी और शॉर्ट सर्किट बना हादसे की वजह
प्रो. चंद्रकांत के अनुसार, शुरुआती जांच और कयासों के मुताबिक इस हादसे की मुख्य वजह भीषण गर्मी के कारण AC पर बढ़ा एक्स्ट्रा लोड और शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। उन्होंने बताया कि लैब में लगे कुछ एयर कंडीशनर काफी पुराने थे और हाल ही में विभाग के कुछ अन्य AC भी खराब हुए थे। आजकल पड़ रही भयंकर गर्मी के बीच लगातार AC चलने और लोड बढ़ने से यह ब्लास्ट हुआ है। यूनिवर्सिटी प्रशासन और सुरक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
दहशत के बीच दूसरी लैब में कराया गया बच्चों का वाइवा
हादसे के बाद यूनिवर्सिटी परिसर, स्टाफ और छात्रों के बीच काफी देर तक दहशत और डर का माहौल बना रहा। HOD प्रो. चंद्रकांत ने बताया कि अच्छी बात यह रही कि ज्यादातर छात्रों का रिटर्न वर्क और कंप्यूटर पर प्रैक्टिकल का काम पूरा हो चुका था और केवल वाइवा (मौखिक परीक्षा) चल रहा था। घटना के बाद जिन बच्चों की परीक्षा अधूरी रह गई थी, उन्हें तुरंत दूसरी सुरक्षित लैब में शिफ्ट किया गया और उनका प्रैक्टिकल सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।
#KurukshetraUniversity #ACBlast #KUKNews #UniversityAccident #ShortCircuitFire #HaryanaNews #KurukshetraNews #StudentSafety #DanikKhabar
Previous
अंबाला के डीसी अजय सिंह तोमर का कड़ा रुख: समाधान शिविर की शिकायतों को लटकाने वाले अधिकारियों पर होगी कार्रवाई, समय पर अपलोड करें ATR
Next