सोनीपत में ड्यूटी से लौट रहे 55 वर्षीय किसान व चौकीदार पर जानलेवा हमला: 5-6 नकाबपोशों ने लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा, ₹1 लाख की लूट का आरोप
सोनीपत, 9 जून (अन्नू): सोनीपत जिले के गांव खेड़ी और निरथान के बीच मंगलवार सुबह तड़के एक किसान व चौकीदार के साथ सरेराह बर्बरतापूर्वक मारपीट करने और करीब एक लाख रुपये की नकदी लूटने का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित किसान रात की ड्यूटी खत्म कर अपनी मोटरसाइकिल से वापस गांव लौट रहा था, तभी घात लगाकर बैठे आधा दर्जन नकाबपोश बदमाशों ने इस खूनी वारदात को अंजाम दिया। गंभीर रूप से लहूलुहान पीड़ित को इलाज के लिए सोनीपत के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस मामले में पुलिस पीआरओ (PRO) रविन्द्र कुमार का कहना है कि पुलिस को फिलहाल लिखित रूप में केवल मारपीट की शिकायत दी गई है, जिस पर पुलिस मुस्तैदी से काम कर रही है। परिजनों के पूरे बयान दर्ज होने के बाद आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
सुबह 5:55 बजे खेड़ी-निरथान मार्ग पर घेरा, बोले— "पहचान तो लो"
वारदात की विस्तृत जानकारी देते हुए पीड़ित राजेश (उम्र 55 वर्ष) के बड़े भाई आनंद ने बताया कि उनका भाई खेती-बाड़ी करने के साथ-साथ सोनीपत की इंदिरा कॉलोनी स्थित बिजली विभाग के कार्यालय में बतौर चौकीदार (Security Guard) नौकरी करता है। प्रतिदिन की तरह वह मंगलवार सुबह करीब 5:55 बजे अपनी नाइट ड्यूटी समाप्त कर बाइक पर सवार होकर वापस अपने गांव निरथान के लिए निकला था।
जब राजेश गांव खेड़ी और निरथान के बीच सुनसान मार्ग पर पहुंचा, तो अचानक दो मोटरसािकलों पर सवार होकर आए 5-6 युवकों ने अपनी बाइक राजेश की बाइक के आगे अड़ा दी और उसका रास्ता रोक लिया। अचानक हुए इस घेराव से घबराए राजेश ने हाथ जोड़कर हमलावरों से गुहार लगाई कि— "भाई, हमला करने से पहले मुझे अच्छी तरह देख और पहचान लो, कहीं किसी और के धोखे में मुझ पर हाथ तो नहीं उठा रहे।" लेकिन बेखौफ बदमाशों ने उसकी एक न सुनी और सीधे लाठी-डंडों से उस पर टूट पड़े।
शरीर और प्राइवेट पार्ट पर गंभीर चोटें, केसीसी (KCC) की किस्त के पैसे लूटे
हमलावरों ने 55 वर्षीय बुजुर्ग राजेश को जमीन पर गिराकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। बदमाशों ने उसकी कमर, दोनों हाथों, पैरों और संवेदनशील अंगों (प्राइवेट पार्ट) के पास भी गंभीर चोटें पहुंचाईं, जिससे वह तड़पने लगा।
परिजनों ने आरोप लगाया कि राजेश को अपने किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) और बीमे की रुकी हुई किस्त जमा करनी थी, जिसके लिए उसने अपने भाई से उधार लेकर एक लाख रुपये की नकदी जुटाई थी और उसे अपने पास बैग में रखा हुआ था। हमलावर उसे अधमरा करने के बाद बैग में रखी ₹1 लाख की नकदी लूटकर मौके से फरार हो गए।
कोई पुरानी रंजिश नहीं, शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीण
पीड़ित के बेटे हर्ष ने बताया कि पांच-छह हमलावरों में से एक का चेहरा पूरी तरह खुला हुआ था, जबकि बाकी 4-5 ने कपड़े से अपने चेहरे ढक रखे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस बेरहमी से वार किए जा रहे थे, उससे साफ था कि बदमाश उसके पिता की जान लेने की नीयत से आए थे। गनीमत रही कि सुबह के समय मार्ग से गुजर रहे अन्य ग्रामीणों ने जब राजेश की चीख-पुकार और शोर-शराबा सुना, तो वे दौड़कर मौके की तरफ आए। लोगों को आता देख आरोपी अपनी बाइकों पर सवार होकर फरार हो गए। हर्ष ने स्पष्ट किया कि उनके पिता बेहद सीधे इंसान हैं और उनका गांव या बाहर किसी भी व्यक्ति के साथ कोई झगड़ा, कहासुनी या पुरानी रंजिश (Enmity) नहीं है।
परिजनों का फूटा गुस्सा: नागरिक अस्पताल की कार्यशैली पर खड़े किए गंभीर सवाल
नागरिक अस्पताल सोनीपत में भर्ती राजेश के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन की लचर कार्यप्रणाली और डॉक्टरों के व्यवहार पर गहरा रोष प्रकट किया है। बेटे हर्ष ने आरोप लगाया कि उसके पिता गंभीर रूप से घायल अवस्था में तड़प रहे थे, इसके बावजूद डॉक्टरों ने एक्स-रे (X-Ray) की पर्ची कंप्यूटर से टाइप करके देने के बजाय हाथ से पेन द्वारा लिखकर दे दी।
जब वे एक्स-रे विभाग पहुंचे, तो वहां के स्टाफ ने पेन से लिखी पर्ची को अमान्य बताते हुए एक्स-रे करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़ित परिवार को गंभीर हालत में मरीज को छोड़कर कई घंटों तक एक विभाग से दूसरे विभाग भटकना पड़ा। काफी मशक्कत और हंगामे के बाद कहीं जाकर एक्स-रे हो सका। परिजनों का कहना है कि इलाज में इस तरह की देरी किसी भी अनहोनी का कारण बन सकती है और मरीज की हालत लगातार नाजुक बनी हुई है।
हर पहलू से जांच जारी: पीआरओ रविंद्र कुमार
पुलिस प्रवक्ता (PRO) रविंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस मामले को लेकर पूरी तरह गंभीर है। प्राथमिक तौर पर पीड़ित पक्ष की ओर से मारपीट के संबंध में शिकायत मिली है, जिस पर पुलिस टीम जांच में जुटी है। पुलिस की एक टीम अस्पताल में मौजूद है। घायल राजेश की हालत में थोड़ा सुधार होने और डॉक्टरों की अनुमति के बाद उसके बकायदा मजिस्ट्रेटी बयान दर्ज किए जाएंगे। परिजनों द्वारा लगाए गए लूट के आरोपों को लेकर भी पुलिस आसपास के मार्गों के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों का सुराग लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
#SonipatCrime #FarmerAttackedSonipat #LootCaseSonipat #KheriNirthanRoad #CivilHospitalSonipat #PRORavindraKumar #ChowkidarLooted #HaryanaPolice #CrimeControlHaryana #BreakingNews #DanikKahabar
Previous
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विश्वास, विकास और जन कल्याण के प्रति समर्पित सरकार के 12 वर्षों पर विशेष रूप से जोर दिया
Next