रोहतक: नेशनल मेडलिस्ट पूर्व रेसलर अमित श्योराण नशा तस्करी में गिरफ्तार; दिल्ली व हरियाणा के अखाड़ों में करता था अफीम सप्लाई
रोहतक: रोहतक के रहने वाले नेशनल मेडलिस्ट पूर्व रेसलर अमित श्योराण (31) को दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच और झारखंड पुलिस ने एक संयुक्त ऑपरेशन के दौरान गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और अदालत द्वारा घोषित अपराधी (PO) था।
क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि अमित अपने किसी रिश्तेदार से मिलने रानीबाग-पीतमपुरा इलाके में आने वाला है। इसी गुप्त सूचना के आधार पर 18 अगस्त की रात करीब 10 बजे मधुबन चौक मेट्रो स्टेशन के पास घेराबंदी कर उसे दबोच लिया गया। दिल्ली पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे झारखंड पुलिस के हवाले कर दिया है।
2013 में जीता था नेशनल मेडल, रेलवे में नौकरी न मिलने पर बना बाउंसर और ड्रग तस्कर:
कुश्ती से नशे के काले कारोबार तक: रोहतक के साधारण परिवार में जन्मे अमित ने 2008 में कुश्ती शुरू की थी और 2013 की नेशनल कैडेट कुश्ती प्रतियोगिता (कन्याकुमारी) में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। हालांकि, मेडल जीतने के बावजूद रेलवे में नौकरी पाने का सपना अधूरा रहने पर उसने कुश्ती छोड़ दी और दिल्ली के क्लबों में बाउंसर की नौकरी करने लगा।
अखाड़ों में अफीम की सप्लाई: बाउंसर की नौकरी के दौरान वह रांची के नशा तस्करों के संपर्क में आया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह झारखंड के तस्कर राजेश नाग से अफीम खरीदकर रोहतक और दिल्ली के नामी अखाड़ों में पहलवानों को सप्लाई करता था। प्रैक्टिस का समय और स्टेमिना बढ़ाने के लिए कई पहलवान इस अफीम का सेवन करते थे।
दर्ज हैं 6 आपराधिक मामले: अमित पर हत्या, हत्या की साजिश, धोखाधड़ी और NDPS एक्ट के तहत 6 आपराधिक मामले दर्ज हैं। झारखंड के धुर्वा थाने में दर्ज NDPS मामले में 6 दिसंबर 2023 को उसे भगोड़ा घोषित किया गया था। इस मामले से जुड़े तस्कर राजेश नाग को पुलिस 2023 में ही 492 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार कर चुकी है।
#RohtakNews #WrestlerArrested #DrugTrafficking #DelhiPolice #HaryanaNews #DainikKhabar #CrimeNews
Previous
फरीदाबाद: कॉलेज से अचानक गायब हुईं BSC की तीन छात्राएं; दार्जिलिंग घूमने का बनाया था प्लान, न्यू जलपाईगुड़ी में मिलीं
Next