12/04/26

कुरुक्षेत्र: अमेरिका से लौटे युवक की थार से कुचलकर हत्या करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार, हरिद्वार में छिपा था

कुरुक्षेत्र, 12 अप्रैल (अन्‍नू): कुरुक्षेत्र जिले के इस्माइलाबाद में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ अमेरिका से लौटे युवक साहिल कुमार की काली थार से कुचलकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी दीपांशु को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, एक शादी समारोह के दौरान DJ पर गाने को लेकर साहिल और दीपांशु के बीच कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश में दीपांशु ने हाईवे पर खड़े साहिल को पहले जोरदार टक्कर मारी और फिर जानबूझकर उसके ऊपर से तीन बार गाड़ी चढ़ा दी, जिससे साहिल की मौत हो गई।


डेढ़ महीने पहले ही वतन लौटा था साहिल

मृतक साहिल कुमार अमेरिका में एक स्टोर पर काम करता था और करीब एक-डेढ़ महीना पहले ही अपने घर लौटा था। अमेरिका जाने के बाद यह उसका पहला भारत दौरा था, लेकिन उसे क्या पता था कि एक छोटी सी बहस उसकी जान ले लेगी। चश्मदीदों के मुताबिक, टक्कर मारने के बाद जब आरोपी से पूछा गया कि क्या वह मारना चाहता है, तो उसने निर्दयता से जवाब दिया "अच्छा बच गया" और फिर पीछे मुड़कर साहिल को कुचल दिया।



पुलिस ने आरोपी की मदद करने वाले एजेंट को भी दबोचा

इस्माइलाबाद थाना प्रभारी (SHO) जगदीश कुमार ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद दीपांशु हरिद्वार फरार हो गया था। पुलिस ने इस मामले में उसे छिपने में मदद करने और पैसे मुहैया करवाने वाले एजेंट सोमनाथ को पहले ही 5 अप्रैल को गिरफ्तार कर लिया था। अब मुख्य आरोपी दीपांशु भी पुलिस की गिरफ्त में है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है ताकि वारदात में इस्तेमाल थार और अन्य साक्ष्य जुटाए जा सकें।


कानूनी कार्रवाई और रिमांड

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने योजनाबद्ध तरीके से इस हत्याकांड को अंजाम दिया। रिमांड के दौरान पुलिस दीपांशु से पूछताछ कर रही है कि फरारी के दौरान उसे और किन लोगों ने संरक्षण दिया। इस घटना के बाद से इलाके में शोक और रोष का माहौल है। साहिल के परिजनों ने दोषियों के लिए सख्त से सख्त सजा की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी वारदातों पर लगाम लग सके।


#KurukshetraNews #IsmailabadCrime #TharMurderCase #JusticeForSahil #HaryanaPolice #CrimeUpdate #BreakingNews #NRIBodyCase #ActionAgainstCrime #DanikKhabar

Previous

कुरुक्षेत्र: पिहोवा में आग का तांडव: 15 एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख

Next

भिवानी: सिवानी रेलवे स्टेशन पर बदमाशों का तांडव, स्टेशन मास्टर के सिर पर गमले से हमला कर किया लहूलुहान