सोलन: चंडीगढ़-शिमला नेशनल हाईवे पर सेब से लदी पिकअप पलटी; सड़क पर बिखरीं पेटियां, यातायात प्रभावित
सोलन, 2 सितंबर (अन्नू): चंडीगढ़-शिमला नेशनल हाईवे-5 पर हिमाचल प्रदेश के सोलन में शमलेच के पास एक दर्दनाक हादसा होते-होते टल गया। सोलन से पिंजौर की तरफ सेब लेकर जा रही एक पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ और न ही किसी को गंभीर चोट आई।
हाईवे पर फैलीं सेब की पेटियां, पुलिस ने खुलवाया जाम
पिकअप पलटने के कारण सेब से भरी पेटियां बीच सड़क पर बिखर गईं, जिससे हाईवे पर वाहनों की आवाजाही थम गई और यातायात बाधित हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सड़क पर बिखरी पेटियों को एक तरफ हटवाया, जिसके बाद हाईवे पर दोबारा यातायात सुचारू रूप से शुरू हो सका।
ब्लैक स्पॉट बनता जा रहा है शमलेच, स्थानीय लोगों ने जताई चिंता
स्थानीय निवासियों का कहना है कि शमलेच का यह क्षेत्र अब हादसों का 'ब्लैक स्पॉट' बनता जा रहा है, जहां आए दिन वाहन दुर्घटनाग्रस्त होते रहते हैं। लोगों ने बताया कि महज दो दिन पहले भी इसी स्थान पर लकड़ी से भरा एक ट्रक पलट गया था। लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए स्थानीय लोगों ने प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से हाईवे पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने और ट्रैफिक कंट्रोल को बेहतर करने की मांग की है।
#SolanNews #ShimlaHighway #HimachalPradesh #RoadAccident #Solan #DanikKhabar #BreakingNews
Previous
हरियाणा में प्रशासनिक फेरबदल: सरकार ने 6 IAS और 6 HCS अधिकारियों के किए तबादले, आदेश जारी
Next