01/09/26

तरनतारन: फर्नीचर शोरूम में घुसकर नकाबपोश बदमाशों ने की फायरिंग, मालिक घायल; CCTV फुटेज कब्जे में लेकर जांच में जुटी पुलिस

अभिकान्त, 01 सितंबर, तरनतारन: पंजाब के तरनतारन जिले में दिन-दिहाड़े जंडियाला रोड पर स्थित गांव मलिया खुर्द में वारदात सामने आई है। मुख्य सड़क पर स्थित 'अमर फर्नीचर हाऊस' में मोटरसाइकिल सवार 3 नकाबपोश बदमाशों ने हमला बोल दिया। दो बदमाश बाहर बाइक पर रहे, जबकि एक बदमाश मुंह ढके शोरूम के अंदर घुसा। जब शोरूम मालिक अमरदीप सिंह (निवासी गांव कद्दगिल) ने उसे चेहरा दिखाने को कहा, तो बदमाश ने कमर से पिस्तौल निकालकर सीधे उन पर फायर कर दिया। गोली अमरदीप सिंह की जांघ के आर-पार हो गई, जिसके बाद आरोपी साथियों संग फरार हो गया।

कर्मचारियों ने घायल मालिक को अस्पताल पहुंचाया, इलाके में अलर्ट

गोली चलने की आवाज सुनकर बेसमेंट में काम कर रहे कर्मचारी तुरंत ऊपर पहुंचे और खून से लथपथ अमरदीप सिंह को गुरु नानक देव मल्टी स्पैशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी स्पेशल प्रवेश चोपड़ा, डीएसपी इन्वेस्टिगेशन शिवदर्शन सिंह और थाना सिटी प्रभारी निरीक्षक परमजीत सिंह विरदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की धरपकड़ के लिए हाई अलर्ट जारी कर दिया है।

फिरौती से इनकार, पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश

घायल अमरदीप सिंह के भाई अवतार सिंह ने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है और न ही फिरौती से जुड़ी कोई बात सामने आई है। थाना सिटी प्रभारी परमजीत सिंह विरदी ने भी पुष्टि की कि शुरुआती जांच में फायरिंग का फिरौती से कोई संबंध सामने नहीं आया है। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

#TarnTaranNews #PunjabNews #PunjabPolice #CrimeNews #DanikKhabar #BreakingNews

Previous

नालागढ़ थाना आईईडी विस्फोट मामला: NIA ने तीन और आरोपियों को किया गिरफ्तार, गिरफ्तारियों की संख्या बढ़कर हुई 6

Next

जालंधर: INTACH की जिला स्तरीय हेरिटेज क्विज प्रतियोगिता आयोजित; स्वामी संत दास पब्लिक स्कूल ने जीती ओवरऑल ट्रॉफी