27/08/26

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से 'खेलो इंडिया डायलॉग के जरिए युवाओं को संबोधित किया

आरएस अनेजा, 27 अगस्त नई दिल्ली - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस से पहले आज 'खेलो इंडिया डायलॉग' के जरिए युवाओं को वर्चुअल संबोधन दिया।

प्रधानमंत्री ने ओलंपिक में भारत की भागीदारी को बढ़ाने पर जोर दिया है। उनका कहना है कि भारत ओलंपिक में तब तक अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकता है, जब तक वे सभी खेलों में भाग न ले। उन्होंने 2012 का जिक्र किया, जहां भारत ने सिर्फ 13 खेलों में भाग लिया था। प्रधानमंत्री का मानना है कि भारत को सिर्फ उन्हीं खेलों में ध्यान नहीं देना चाहिए, जिसमें वो पहले ही मजबूत हैं।

इस दौरान खेल मंत्री मनसुख मांडविया भी आईआईटी गांधीनगर से जुड़े। इसी दौरान उन्होंने ओलंपिक में खेलों में भागीदारी बढ़ाने की बात कही। गौरतलब हो कि 2028 में लॉस एंजलिस में ओलंपिक होना है, जहां मेडल तालिका में भारत अच्छा प्रदर्शन करना चाहेगा।

पीएम मोदी ने कहा, "ओलंपिक में कई तरह के खेल होते हैं, लेकिन भारतीय टीमें उनमें से आधे में भी हिस्सा नहीं लेतीं। इसका मतलब है कि पदक तालिका के बड़े हिस्से में हम प्रतिस्पर्धा ही नहीं कर रहे। ये एक कड़वी सच्चाई है, जो दशकों से चली आ रही है। 2012 में भारत ने सिर्फ 13 खेलों में भाग लिया था। 20 से ज्यादा आयोजनों में देश की मौजूदगी ही नहीं थी और कई प्रतियोगिताओं के बारे में देश में जानकारी भी कम थी।"

पेरिस 2024 ओलंपिक में भी भारत ने 32 खेलों में से केवल 16 में हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री अब इन्हीं खेलों में भागीदारी को बढ़ाने की बात कर रहे हैं। पीएम मोदी का मानना है कि सिर्फ उन खेलों पर ध्यान केंद्रित करने से, जिनमें भारत पहले से मजबूत है, पदक तालिका में बड़ा बदलाव नहीं आएगा।

Previous

मॉस्को में हिम तेंदुए के संरक्षण पर रूस-भारत महामंथन

Next

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ए. बालकृष्णन जी के निधन पर शोक व्यक्त किया