करोल बाग मेट्रो स्टेशन को मिला सर्वश्रेष्ठ मेट्रो स्टेशन का अवार्ड
आरएस अनेजा, 04 मई नई दिल्ली
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में अपना 31वां स्थापना दिवस मनाया जिसमें करोल बाग मेट्रो स्टेशन को सर्वश्रेष्ठ मेट्रो स्टेशन का अवार्ड दिया गया।
इस अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य और बिजली मंत्री मनोहर लाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। रेखा गुप्ता, माननीय मुख्यमंत्री, जीएनसीटीडी, मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रही।
मंत्री मनोहरलाल ने अपने संबोधन में दिल्ली में आम नागरिक के दैनिक जीवन में दिल्ली मेट्रो की महत्वपूर्ण भूमिका की जानकारी दी। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि आसान, विश्वसनीय और सुरक्षित आवागमन हर नागरिक का मौलिक अधिकार है और दिल्ली मेट्रो जैसी शहरी परिवहन प्रणाली शहरी जीवन का अनिवार्य अंग बन गई है।
भविष्य को देखते हुए माननीय मंत्री ने कहा कि 2047 तक भारत की लगभग 50% जनसंख्या शहरी क्षेत्रों में निवास करेगी। इसलिए आज शहरी गतिशीलता के बुनियादी ढांचे की योजना बनाना और उसे मजबूत करना अनिवार्य हो गया है। उन्होंने मेट्रो ट्रेनों में कार्गो डिब्बे जोड़ने का दूरदर्शी विचार साझा किया। इससे छोटे व्यवसायी, विक्रेता और फेरीवाले शहर भर में अपने सामान को निर्बाध रूप से ला - ले जा सकेंगे। यह ऐसा कदम है जो समय बचाएगा, ऊर्जा की खपत को कम करेगा और शहरी कामकाजी वर्ग के लिए व्यावसायिक दक्षता को बढ़ाएगा।
इसके अलावा, मनोहर लाल ने देश के सतत विकास लक्ष्यों के साथ तालमेल बिठाते हुए मेट्रो परिचालन में हरित और नवीकरणीय ऊर्जा समाधानों को एकीकृत करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने दोहराया कि मेट्रो प्रणाली भारत के प्रत्येक शहर की जीवन रेखा होगी तथा उनका निरंतर विस्तार और आधुनिकीकरण स्मार्ट, समावेशी और भविष्य के लिए तैयार शहरी केंद्रों के निर्माण की कुंजी है।
इस अवसर पर उपस्थित अन्य गणमान्य व्यक्तियों में आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय सचिव और डीएमआरसी के अध्यक्ष श्री कटिकिथला श्रीनिवास; श्री धर्मेंद्र, मुख्य सचिव, जीएनसीटीडी; और डॉ. विकास कुमार, प्रबंध निदेशक, डीएमआरसी शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान, संगठन में अनुकरणीय योगदान के लिए व्यक्तियों और टीमों को डीएमआरसी के वार्षिक पुरस्कार प्रदान किए गए।
इन सम्मानों में शामिल हैं:
मेट्रो वूमन ऑफ द ईयर : प्रीति, वरिष्ठ स्टेशन नियंत्रक/ट्रेन ऑपरेटर
मेट्रो मैन ऑफ द ईयर: सुरेश पवार, वरिष्ठ स्टेशन प्रबंधक/लाइन सुपरवाइजर
सर्वश्रेष्ठ मेट्रो स्टेशन: करोल बाग मेट्रो स्टेशन
सर्वश्रेष्ठ मेट्रो डिपो: कालिंदी कुंज डिपो
राजभाषा पुरस्कार: अंजलि, वरिष्ठ ग्राहक संबंध सहायक
डीएमआरसी कर्मचारियों के बीच टीम भावना और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने वाली वर्ष भर की गतिविधियों के लिए मेट्रो एडवेंचर क्लब (एमएसी) टीम को भी विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी इस अवसर पर दिल्ली मेट्रो को बधाई दी। उन्होंने कहा, "दिल्ली मेट्रो ने लोगों के दिलों में जो जगह बनाई है, वह वाकई जीवन रेखा से कम नहीं है।"
मुख्यमंत्री ने कहा, "जब कोई यात्री दिल्ली मेट्रो में प्रवेश करता है तो उसे 'अच्छा महसूस' होता है। वे इसे साफ रखते हैं और नियमों का पालन भी करते हैं। व्यवहार में बदलाव आया है।"
*****