करनाल: नेशनल हाईवे पर भीषण हादसा, बाइक सवार युवक की मौत, पत्नी और बेटी घायल
हरियाणा/करनाल, 12 मार्च (अन्नू): हरियाणा के करनाल जिले में आईटीआई चौक के समीप नेशनल हाईवे पर बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना घटित हुई। एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़ी पिकअप गाड़ी से जा टकराई। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार एक ही परिवार के तीनों सदस्य सड़क पर दूर जा गिरे। इस हृदयविदारक हादसे में युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसकी पत्नी और तीन वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान रायपुर जाटान निवासी सोमबीर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सोमबीर अपनी पत्नी मीनाक्षी और नन्ही बेटी एंजेल के साथ घरौंडा से कुरुक्षेत्र की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि परिवार को चंडीगढ़ जाना था और उनकी योजना पिपली में बाइक खड़ी कर आगे का सफर तय करने की थी। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था और करनाल पहुंचते ही उनकी बाइक अनियंत्रित होकर वहां खड़ी पिकअप से टकरा गई।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया और पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने सोमबीर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के शवगृह में रखवा दिया है। फिलहाल मीनाक्षी और एंजेल का उपचार अस्पताल में चल रहा है। जांच अधिकारी रणजीत सिंह ने बताया कि गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा और परिवार की शिकायत के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
#KarnalNews #RoadAccident #HaryanaNews #NationalHighway #SafetyFirst #KarnalPolice #AccidentAlert #DanikKhabar #Karnal