गुरुग्राम: 3000 रुपये के विवाद में नाबालिग की चाकू घोंपकर हत्या, तड़पते दोस्त का वीडियो आया सामने
हरियाणा/गुरुग्राम, 12 मार्च (अन्नू): साइबर सिटी गुरुग्राम के सेक्टर-16 इलाके में एक सनसनीखेज वारदात का वीडियो सामने आया है, जिसमें एक दोस्त अपने खून से लथपथ साथी केशव को गोद में थामे मदद की गुहार लगा रहा है। यह हृदयविदारक दृश्य उस समय का है जब महज 3000 रुपये के लेन-देन को लेकर हुए विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। वीडियो में देखा जा सकता है कि घायल केशव जमीन पर पड़ा कराह रहा है और उसके दोस्त के कपड़े भी खून से सने हुए हैं, जबकि आस-पास मौजूद राहगीर पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचना देने की बात कह रहे हैं।
पुलिस जांच में यह बात निकलकर सामने आई है कि इस खूनी रंजिश की नींव दिसंबर 2025 में पड़ी थी। दरअसल, मृतक केशव के दोस्त धीरज ने आरोपी मानू से 3000 रुपये उधार लिए थे। केशव ने इस उधारी को चुकाने के मामले में मध्यस्थता की थी और आरोपी पर पैसे लौटाने का दबाव बनाया था। आरोपी मानू ने इस हस्तक्षेप को अपनी तौहीन समझा और बदला लेने की नीयत से घात लगाकर बैठा था। मंगलवार दोपहर सेक्टर-16 स्थित एक ऑटो शोरूम के बाहर आरोपी ने केशव पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमला इतना घातक था कि आरोपी ने 17 वर्षीय केशव के सीने और कंधे पर कई वार किए, जिससे चाकू का एक हिस्सा पीड़ित के शरीर में ही टूटकर फंस गया। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया, वहीं केशव ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार के अनुसार, आरोपी मानू (24 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया गया है।
फिलहाल पुलिस ने दो प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर मामले की कड़ियां जोड़ना शुरू कर दिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है ताकि वारदात से जुड़ी अन्य जानकारियों को पुख्ता किया जा सके। पलवल के बड़ा बैजपुर गांव का रहने वाला केशव गुरुग्राम में अपनी जान गंवा बैठा, जिससे उसके परिवार में मातम पसरा हुआ है।
#GurugramCrime #CrimeNews #HaryanaPolice #JusticeForKeshav #StreetViolence #GurugramAlert #CrimeUpdate #DanikKhabar