जन-धन योजना के पूरे हुए 11 साल, पीएम मोदी बोले- इसने लोगों को अपना भाग्य खुद लिखने की शक्ति दी
आरएस अनेजा, 28 अगस्त नई दिल्ली
प्रधानमंत्री जन-धन योजना के 11 साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि इस योजना ने लोगों को अपना भाग्य खुद लिखने की शक्ति दी है।
उन्होंने कहा कि यह एक परिवर्तनकारी पहल है जिसने पूरे भारत में वित्तीय समावेशन को नया रूप दिया है। मोदी ने कहा कि पीएमजेडीवाई ने लोगों का सम्मान बढ़ाया है और अंतिम व्यक्ति तक वित्तीय समावेशन की सुविधा पहुंचाकर अपनी नियति स्वयं लिखने की शक्ति दी है।
उन्होंने कहा "जब अंतिम व्यक्ति आर्थिक रूप से जुड़ा होता है, तो पूरा देश एक साथ आगे बढ़ता है। प्रधानमंत्री जन-धन योजना ने यही हासिल किया। इसने लोगों की गरिमा बढ़ाई और उन्हें अपना भाग्य खुद लिखने की शक्ति दी।"
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जब अंतिम पर खड़ा व्यक्ति वित्तीय रूप से जुड़ जाता है तो पूरा देश एक साथ आगे बढ़ता है। वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री जन-धन योजना आज ही के दिन शुरू की गई थी। यह एक राष्ट्रीय मिशन है जिसमें देश के सभी परिवारों के व्यापक वित्तीय समावेशन के लिए एक एकीकृत दृष्टिकोण शामिल है। इस योजना में प्रत्येक परिवार के लिए कम से कम एक बुनियादी बैंकिंग खाता, वित्तीय साक्षरता, ऋण, बीमा और पेंशन सुविधा तक पहुंच के साथ बैंकिंग सुविधाओं तक सार्वभौमिक पहुंच की परिकल्पना की गई है।
##11YearsOfJanDhan #pmo #narenderamodi