इन्फ्लुएंसर 'कमल कौर' हत्याकांड: मास्टरमाइंड अमृतपाल सिंह मेहरों UAE से डिपोर्ट, दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तार
पंजाब, 10 अप्रैल (अन्नू): विदेश से कानून के शिकंजे में आरोपी लुधियाना की मशहूर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी उर्फ 'कमल कौर भाभी' की सनसनीखेज हत्या के मुख्य आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरों को आखिरकार भारत वापस लाया गया है। 11 जून 2025 को हुई इस वारदात के बाद आरोपी विदेश फरार हो गया था। पंजाब पुलिस ने इंटरपोल और केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर उसकी लोकेशन मिडिल ईस्ट में ट्रेस की। इसी साल जनवरी में उसे शारजाह पुलिस ने हिरासत में लिया था, जिसके बाद डिपोर्टेशन की लंबी प्रक्रिया पूरी कर 10 अप्रैल 2026 की सुबह उसे दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।
हत्या की खौफनाक साजिश और रेकी
पुलिस जांच में सामने आया है कि अमृतपाल पिछले तीन महीनों से कंचन की हत्या की योजना बना रहा था। उसने अपने साथियों जसप्रीत और निम्रतजीत के साथ मिलकर लुधियाना में कंचन की कई दिनों तक रेकी की और उसके घर के पास होटलों में ठहरे। आरोपियों ने कंचन को विश्वास में लेने के लिए उसे बठिंडा में एक कार शोरूम के प्रमोशन का झांसा दिया। 9 जून को उसे कार रिनोवेशन और काम का बहाना बनाकर बठिंडा बुलाया गया, जहाँ देर रात तक उसे शहर के विभिन्न हिस्सों में घुमाया गया।
कार के भीतर गला घोंटकर हत्या
वारदात की रात आरोपी कंचन को एक सुनसान जगह पर ले गए। वहां उन्होंने जबरन उसके मोबाइल के पासवर्ड मांगे और विरोध करने पर मारपीट की। इसके बाद अमृतपाल के निर्देश पर जसप्रीत और निम्रत ने कमरकस (कपड़े का पट्टा) से कंचन का गला खींचना शुरू किया, जबकि अमृतपाल ने खुद उसका गला दबाया। करीब 15 मिनट तक तड़पने के बाद कंचन की मौत हो गई। हत्या के बाद सबूत मिटाने की कोशिश में आरोपी शव को बठिंडा के आदेश अस्पताल की पार्किंग में कार सहित छोड़कर फरार हो गए।
कौन है मास्टरमाइंड अमृतपाल मेहरों?
अमृतपाल सिंह मेहरों का प्रोफाइल काफी चौंकाने वाला है। जांच के अनुसार, वह मूल रूप से एक मुस्लिम परिवार में जन्मा था, लेकिन बाद में सिख धर्म से प्रभावित होकर निहंग बन गया। उसने 2014 में डीजल मैकेनिक्स में डिप्लोमा किया और 2022 में शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) की टिकट पर विधानसभा चुनाव भी लड़ा था, हालांकि उसकी जमानत जब्त हो गई थी। पुलिस के मुताबिक, उसे कंचन द्वारा सोशल मीडिया पर बनाई जाने वाली रील्स और वीडियो से आपत्ति थी, जिसे उसने इस जघन्य हत्याकांड का मुख्य कारण बताया।
#KamalKaurCase #JusticeForKanchan #PunjabPolice #AmritpalSinghMehran #CrimeUpdate #LudhianaNews #Extradition #SafetyForWomen #DanikKhabar #Punjab #CrimeInPunjab #KamalKaurBhabhi #Instagram
Previous
अंबाला शहर बस स्टैंड पर कपड़ों की रेहड़ी की आड़ में हेरोइन तस्करी; सीआईए-02 ने 20 ग्राम नशे के साथ आरोपी को दबोचा
Next