भारत का सामान, भारत का सम्मान: आत्मनिर्भरता व स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग राष्ट्रीय गौरव की भावना को दर्शाता है: डॉ रोहित दत्त
जे कुमार अम्बाला 26 दिसम्बर 2025 : - गांधी मेमोरियल नेशनल कॉलेज, अम्बाला कैंट के विद्यार्थियों ने “स्वदेशी महोत्सव 2025” में उत्साहपूर्वक भाग लेकर शैक्षणिक एवं औद्योगिक भ्रमण किया। यह भ्रमण कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रोहित दत्त के कुशल मार्गदर्शन में एनएसएस यूनिट एवं रसायन विज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को स्वदेशी भारत, आत्मनिर्भर भारत अभियान, देसी उत्पादों, लघु एवं कुटीर उद्योगों तथा नवाचार आधारित योजनाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। इस संवादात्मक प्रक्रिया से विद्यार्थियों में स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरूकता बढ़ी तथा राष्ट्रीय आर्थिक विकास में उनके योगदान की समझ विकसित हुई।
इस शैक्षणिक एवं औद्योगिक भ्रमण पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रोहित दत्त ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक एवं औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों को कक्षा की सीमाओं से बाहर व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करते हैं। स्वदेशी महोत्सव जैसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मनिर्भर भारत की भावना को सुदृढ़ करते हैं तथा उन्हें नवाचार, उद्यमिता और राष्ट्रीय विकास से जोड़ते हैं। कॉलेज भविष्य में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु ऐसे शैक्षणिक भ्रमण आयोजित करता रहेगा।
यह शैक्षणिक एवं औद्योगिक भ्रमण कॉलेज के एनएसएस यूनिट अधिकारी डॉ. चन्द्रपाल पूनिया तथा रसायन विज्ञान विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. नेहा अग्रवाल की देखरेख में आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने स्वदेशी महोत्सव का विस्तृत अवलोकन किया तथा विभिन्न स्टॉलों पर उपस्थित वक्ताओं, उद्यमियों एवं विषय-विशेषज्ञों से संवाद किया।
#ambala #News #gmncollege #indias-goods-indias-honor #use-of-indigenous-goods