26/07/25

भारतीय नौसेना के पूर्वी बेड़े के जहाज वियतनाम के डा नांग पहुंचे

आरएस अनेजा, 26 जुलाई नई दिल्ली

भारतीय नौसेना के दक्षिण पूर्व एशिया में चल रहे ऑपरेशनल डिप्लॉयमेंट के एक अंग के रूप में  पूर्वी बेड़े के भारतीय नौसेना के जहाज दिल्ली, शक्ति और किल्टन, रियर एडमिरल सुशील मेनन, फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग ईस्टर्न फ्लीट (एफओसीईएफ) की कमान में वियतनाम के डा नांग में टिएन सा पोर्ट पहुंचे। जहाजों का वियतनाम पीपुल्स नेवी (वीपीएन) और वियतनाम की पीपुल्स कमेटी ने समारोहपूर्वक स्वागत किया, जो भारत-वियतनाम के गर्मजोशी भरे और बढ़ते द्विपक्षीय संबंधों को दर्शाता है।

इस यात्रा के दौरान, रियर एडमिरल सुशील मेनन, सैन्य क्षेत्र 5, वियतनाम पीपुल्स आर्मी, डा नांग पीपुल्स कमेटी और नौसेना क्षेत्र 3 वियतनाम पीपुल्स नेवी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। ये मुलाकातें समुद्री सहयोग, क्षेत्रीय सुरक्षा चुनौतियों और विशेष रूप से नौसेना क्षेत्र में रक्षा सहयोग को बढ़ाने पर विचारों का आदान-प्रदान करने के लिए एक मूल्यवान मंच प्रदान करेंगी।

दोनों नौसेनाओं के कर्मी प्रोफेशनल बातचीत के व्यापक दायरे में भाग लेंगे, जिसमें परिचालन योजना चर्चा और जहाजों पर ब्रीफिंग शामिल हैं, जिनका उद्देश्य अंतर-संचालनीयता और आपसी समझ को मजबूत करना है। इसके अतिरिक्त, इस यात्रा में कई सामुदायिक और सांस्कृतिक आउटरीच गतिविधियाँ, दोस्ताना खेल प्रतियोगिताएँ और निर्देशित जहाज पर्यटन भी शामिल होंगे।

यह तैनाती भारत के 'महासागर' विजन के अनुरूप है और पसंदीदा भागीदार बनने की भारतीय नौसेना की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है। वियतनाम की यह यात्रा भारत-वियतनाम रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने और हिंद-प्रशांत में नियम-आधारित, समावेशी समुद्री व्यवस्था को आगे बढ़ाने में एक और मील का पत्थर साबित होगी।

#indiannavy #mod

Previous

सुबह 4:00 बजे से ही अंबाला कैंट बस स्टैंड से बसों का संचालन शुरू, रोडवेज की बेहतर व्यवस्थाओ के चलते केंद्रों तक पहुंचाने परीक्षार्थी

Next

सीईटी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल के साथ कड़ी चेकिंग में बीच परीक्षार्थियों ने किया प्रवेश