01/03/25

इंडियन एयरफोर्स की जगुआर स्क्वाड्रन में महिला पायलट को मिली स्थाई नियुक्ति जो उड़ाएगी जगुआर फाइटर विमान

आरएस अनेजा, 01 मार्च नई दिल्ली

भारतीय वायुसेना ने पहली बार एक महिला को प्रतिष्ठित जगुआर लड़ाकू विमान उड़ाने का अवसर प्रदान किया है। यह ऐतिहासिक उपलब्धि मंगलुरु की फ्लाइंग ऑफिसर तनुष्का सिंह ने हासिल की है। उन्हें जगुआर लड़ाकू स्क्वाड्रन में पायलट के रूप में नियुक्त किया गया है, जो भारतीय वायुसेना के सबसे प्रभावी लड़ाकू विमानों में से एक माना जाता है।

गौरतलब है कि पहले भी एयरफोर्स में कुछ महिला पायलटों को लड़ाकू विमान उड़ाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है लेकिन फ्लाइंग ऑफिसर तनुष्का पहली ऐसी महिला हैं, जिन्हें स्थायी रूप से भारतीय वायुसेना ने जगुआर स्क्वाड्रन में शामिल किया है।

पढ़ाई पूरी हो जाने के बाद तनुष्का सिंह अपने परिवार के अन्य सदस्यों की ही तरह भारतीय सेना में शामिल होना चाहती थीं। लेकिन जब भारतीय वायुसेना में महिलाओं को अवसर की जानकारी मिली तो एयरफोर्स में आ गई।

तनुष्का सैन्य पृष्ठभूमि से हैं और पिता व दादा भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। मूलरूप से उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाली तनुष्का वर्ष 2007 से मंगलुरु में रह रही हैं। उनके पिता, सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल अजय प्रताप सिंह, वर्तमान में एमआरपीएल (मैंगलोर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड) में एचएसई डिवीजन के महाप्रबंधक के रूप में कार्यरत हैं।

Previous

चुनाव आयोग की हिदायतों के अनुसार जिले में निकाय चुनाव को पारदर्शी एवं निष्पक्ष रूप से करवाना हमारा दायित्व है: जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अजय सिंह तोमर

Next

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एनएक्सटी कॉन्क्लेव में भाग लिया