विराट कोहली की दमदार शतकीय पारी से भारत ने पाकिस्तान को 6 विकेट से हराया
नई दिल्ली, 24 फरवरी (अभी): चैंपियंस ट्रॉफी में भारत ने पाकिस्तान को छह विकेट से हरा दिया है। दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पाकिस्तान के 242 रन के लक्ष्य को भारत ने 42.3 ओवर में चार विकेट गंवाकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने सेमीफाइनल के लिए भी क्वालिफाई कर लिया। भारत की जीत के हीरो विराट कोहली रहे। उन्होंने 111 गेंद में 100 रन की नाबाद पारी खेली। विराट पुराने रंग में नजर आए। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ कुछ शानदार कवर ड्राइव लगाए। अब मैच के बाद उन्होंने कवर ड्राइव को लेकर अपने प्यार को जाहिर किया है। बीसीसीआई ने विराट का यह वीडियो साझा किया है।
'भारत-पाकिस्तान मैच का माहौल शानदार'
दुबई में भारत-पाकिस्तान मैच पर कोहली ने कहा, 'जब भी पाकिस्तान के साथ मैच होता है तो माहौल काफी अच्छा हो जाता है। खासतौर पर इस क्षेत्र में क्योंकि दोनों टीमों के बराबर फैंस होते हैं। यह टीम के लिए व्यक्तिगत रूप से मेरे लिए एक शानदार दिन रहा है।' कोहली ने खुशदिल शाह के खिलाफ चौका लगाकर अपना शतक पूरा करने के साथ भारत को यादगार जीत दिलाई। उन्होंने कहा, 'मैं पारी को आगे बढ़ने की गति से खुश था। मैं एकदिवसीय मैचों में इसी तरह खेलना पसंद करता हूं। मुझे अपने खेल की अच्छी समझ है और मेरे लिए आलोचनाओं को दूर रख कर खेल पर ध्यान रखना जरूरी था।' वनडे करियर का 51वां शतक जड़ने के बाद कोहली ने कहा, 'मेरे लिए इस तरह के मैचों को लेकर उम्मीदों से तालमेल बनाना आसान है। मैं खुद से कहता रहा कि क्षेत्ररक्षण के दौरान मैं अपना 100 प्रतिशत दूंगा। यही कारण है कि मुझे इस पर गर्व है।'