30/08/26

रेवाड़ी के शक्ति नगर में दोस्त ने ही दोस्त को चाकू से गोदा: पत्नी से अवैध संबंधों के शक में हत्या, आरोपी गिरफ्तार

रेवाड़ी, 30 अगस्त (अन्‍नू): रेवाड़ी के मोहल्ला शक्ति नगर में शुक्रवार देर रात आपसी विवाद में एक युवक ने अपने ही दोस्त की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान गोविंद (25) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नेपाल (कैलाली जिला) का निवासी था और सेक्टर-18 स्थित एक पीजी में रसोइया का काम करता था। गोविंद रक्षाबंधन की छुट्टी होने पर अपने ही गांव के निवासी दोस्त विक्रम भूल के कमरे पर शराब पार्टी करने आया था। देर रात शराब पीने के दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद विक्रम ने चाकू निकालकर गोविंद पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

पत्नी से अवैध संबंधों के शक में वारदात, बीच-बचाव में पत्नी भी घायल

डीएसपी ट्रैफिक पवन कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी विक्रम ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी के अनुसार, गोविंद उसकी पत्नी पर गलत नजर रखता था और घटना की रात शराब के नशे में उसने अभद्र हरकत की, जिससे गुस्सा होकर उसने हमला किया। बीच-बचाव करने आई विक्रम की पत्नी भी चाकू लगने से घायल हो गई। मकान मालिक नितीश कुमार ने लहूलुहान अवस्था में गोविंद को देखा और पुलिस को सूचित किया। गंभीर हालत में गोविंद को पीजीआई रोहतक रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, मकान मालिक की शिकायत पर केस दर्ज

घटना की सूचना मिलते ही थाना मॉडल टाउन पुलिस और सीन ऑफ क्राइम टीम ने मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। मकान मालिक नितीश कुमार के बयान के आधार पर आरोपी विक्रम के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया। वारदात के बाद भागने की कोशिश कर रहे आरोपी विक्रम को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतक गोविंद दो बच्चों का पिता था और उसका परिवार नेपाल में ही रहता है। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

#RewariNews #HaryanaNews #CrimeNews #RewariPolice #MurderCase #DanikKhabar #BreakingNews

Next

पंचकूला पुलिस की तत्परता से परिजनों से मिला रोता हुआ 6 वर्षीय मासूम, पंजाब के बलटाना के पास मिला था लावारिस