20/04/25

सिविल सेवा दिवस पर खेल प्रतियोगिताओं में आईएएस, आईपीएस ने अपना कौशल दिखाया

एन.एस. बाछल, 20 अप्रैल, जयपुर।

सरदार वल्लभ भाई पटेल ने 21 अप्रेल, 1947 को नई दिल्ली के मैटकॉफ हाउस में सिविल सेवकों को सम्बोधित करते हुए उन्हें स्टील फ्रेम आॅफ इंडिया की जो उपाधि दी थी, अब तक अक्षरश: सच साबित हुई है। चाहे पिछडे क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा में लाना हो या कोरोना , आतंकवाद और प्राकृतिक आपदा से मुकाबला करना हो, सिविल सेवकों ने भारत राष्ट्र के विकास में हरसम्भव योगदान दिया है।  सिविल सेवकों द्वारा राष्ट्र को दी गई इन्हीं अमूल्य सेवाओं के सम्मान में प्रत्येक वर्ष 21 अप्रेल को राष्ट्रीय सिविल सेवा दिवस मनाया जाता है।

राष्ट्रीय सिविल सेवा दिवस न केवल सिविल सेवकों को याद करने का अवसर है, बल्कि यह हमें भारतीय सिविल सेवाओं की भावनाओं को परिभाषित करने वाले आधारभूत मूल्यों ईमानदारी, प्रतिबद्धता और निष्पक्षता को भी याद दिलाता है।

सिविल सेवा दिवस के उपलक्ष्य  में रविवार को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में सिविल सर्विस कप—2025 का आयोजन हुआ, जिसमें क्रिकेट, रस्साकसी, , चेस,  आदि खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गई । टेबल टेनिस, लॉन टेनिस और बैडमिंटन प्रतियोगिताएं 21 अप्रेल को ओटीएस में आयोजित होंगी।

सिविल सेवाओं के मध्य क्रिकेट मैत्री मैच का आयोजन—

 राज्य की प्रमुख सिविल सेवाओं के मध्य सौहार्द एवं आपसी सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। यह मुकाबला राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) एवं भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) की संयुक्त टीम तथा राजस्थान पुलिस सेवा (RPS) एवं भारतीय पुलिस सेवा (IPS) की संयुक्त टीम के बीच खेला गया।

मैच में दोनों टीमों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और दर्शकों को एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। आईएएस एवं आरएएस की संयुक्त टीम माही  ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आर. एस. डेलू के 25 रन और राष्ट्रदीप  के 29 रन के सहयोग से 172  रन बनाये। लक्ष्य का पीछा करते हुए  आईपीएस एवं आरपीएस की टीम चम्बल ने 18.6 ओवर में 6 विकेट खोकर मैच जीत लिया। मैन ऑफ द मैच रहे  हिमांशु जांगिड़ ने 61  रन  बनाएं।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य सिविल सेवकों के बीच आपसी तालमेल को मजबूत करना और कार्यस्थल से बाहर भी आपसी संवाद को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम में कई वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति रही, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

आयोजन के मुख्य अतिथि रहे मुख्य सचिव सुधांश पंत ने  मैच के अंत में विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की और सभी खिलाड़ियों को सहभागिता प्रमाण पत्र दिए।

अन्य खेलों के विजेता—

रस्साकसी प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में आईएएस एवं आरएएस संयुक्त टीम ने आईपीएस एवं आरपीएस संयुक्त टीम पर विजय प्राप्त की। रस्साकसी प्रतियोगिता के महिला वर्ग में नीतू राजेश्वर(आरएएस) प्रथम स्थान, अनुराधा गोगिया  ( आरएएस) द्वितीय स्थान, सीमा मीना (आरएएस) तृतीय स्थान पर रही।

शतरंज में पुरुष वर्ग में हेमंत कलाल (आईपीएस )प्रथम स्थान, दिनेश कुमार जांगिड़ (आरएएस) द्वितीय स्थान, नकाटे शिवप्रसाद  मदान(आईएएस) तृतीय स्थान पर रहे। शतरंज में महिला वर्ग में अनुराधा गोगिया (आरएएस) प्रथम स्थान पर रही।

कार्यक्रम के मुख्य आयोजनकर्ता नीरज के. पवन, शासन सचिव युवा मामले एवं खेल विभाग  एवं  मालती चौहान, खेल अधिकारी रही।

Previous

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने फतेहपुर में चित्रकूट बालाजी मंदिर व श्री लक्ष्मीनाथ मंदिर में किए दर्शन

Next

Heart Problem: आप भी तो नहीं हैं हार्ट के मरीज ? हार्ट अटैक से बचने के लिए डॉक्टर ने बताया '5S' फॉर्मूला