30/03/25

अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में 32 बेड के आईसीयू का कल 31 मार्च को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे उद्घाटन

चंडीगढ़, 30 मार्च (अभी): केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह अग्रोहा मेडिकल कॉलेज परिसर में महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा का अनावरण, नवनिर्मित आईसीयू कक्ष का लोकार्पण तथा पीजी हॉस्टल का शिलान्यास सोमवार को करेंगे। अमित शाह दोपहर करीब 12 बजे पहुंचेंगे और 1.30 बजे वापस दिल्ली के लिए रवाना होंगे। अमित शाह करीब 1.30 घंटे अग्रोहा में रहेंगे। उनका हेलिकॉप्टर मेडिकल कॉलेज परिसर में बने हेलिपैड पर उतरेगा।



केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के 31 मार्च के दौरे को लेकर पुलिस की पांच कंपनियां तैनात की जाएंगी, जिसमें 2 कंपनी दूसरे जिलों से बुलाई गई है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रविवार को रिहर्सल होगा। अमित शाह के दौरे के दृष्टिगत अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में कार्यक्रम स्थल के 2 किलोमीटर के दायरे में धारा 163 लागू की गई है।



पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्धारित स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों की तैनाती की गई है। गृह मंत्री अमित शाह के साथ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, स्वास्थ्य मंत्री आरती राव, लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा भी उपस्थित रहेंगे। इस मौके पर हिसार विधायक सावित्री जिंदल गृहमंत्री अमित शाह का स्वागत करेंगी। कुरुक्षेत्र के सांसद नवीन जिंदल समापन मौके पर धन्यवाद भाषण देंगे।

Previous

रोहतक पीजीआई पहुंचे हरियाणा के ऊर्जा व परिवहन मंत्री अनिल विज महिला फरियादी की शिकायत पर भड़के

Next

31 मार्च को किसान करेंगे पंजाब के मंत्रियों और विधायकों के घरों का घेराव