हिसार में भीषण सड़क हादसा: दो ट्रकों की भिड़ंत के बाद लगी आग, लापरवाही बनी हादसे की वजह
हिसार, 15 मई (अन्नू): हिसार के साउथ बाइपास पर सेक्टर-33 के पास शुक्रवार यानि आज दोपहर एक हृदयविदारक घटना घटी, जहाँ दो ट्रकों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि भिड़ंत के तुरंत बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि एक ट्रक का चालक केबिन में ही फंस गया और उसे बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला, जिससे वह जिंदा जल गया। मृतक की पहचान फतेहाबाद के गांव चिंदड़ निवासी जगन (पुत्र बलबीर) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जगन तोशाम के खानक से रोड़ी भरकर सिरसा की ओर जा रहा था।
परिवार का इकलौता सहारा था मृतक जगन
इस हादसे ने एक हंसते-खेलते साधारण परिवार को गहरे जख्म दिए हैं। गांव के सरपंच ने बताया कि 21 वर्षीय जगन अपने पिता का इकलौता बेटा था और पूरे परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। जगन की शादी करीब चार साल पहले हुई थी और उसका एक तीन साल का मासूम बेटा भी है। साधारण आर्थिक पृष्ठभूमि वाले इस परिवार के पास आय का कोई बड़ा साधन नहीं है, पिता भी गांव में मजदूरी करते हैं। इस असमय मौत से चिंदड़ गांव में मातम छा गया है।
कटर से काटकर निकाला गया शव
हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुँचीं। आग बुझाने के बाद देखा गया कि ट्रक का केबिन बुरी तरह पिचक चुका था, जिसमें चालक दब गया था। शव इतनी बुरी तरह जल चुका था और केबिन में फंसा था कि उसे निकालने के लिए लोहे के कटर का इस्तेमाल करना पड़ा। पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद शव के अवशेषों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया। राहगीरों और निजी गाड़ी वालों की मदद से मृतक की शिनाख्त हो सकी।
रॉन्ग साइड और लापरवाही बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक ट्रक गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से आ रहा था, जिसके कारण यह सीधी टक्कर हुई। दुर्घटना के बाद दूसरे ट्रक में सवार चालक सहित तीन लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस अब ट्रक नंबर के आधार पर उनकी तलाश कर रही है। बताया जा रहा है कि डीजल टैंक फटने या रिसाव के कारण आग ने तुरंत विकराल रूप ले लिया था। सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हाईवे पर यातायात को सुचारू करवाया।
#HisarNews #RoadAccident #HaryanaPolice #FatehabadNews #TruckAccident #FireTragedy #HighwaySafety #BreakingNews #DanikKhabar
Previous
हरियाणा में भीषण गर्मी की दस्तक: 17 मई से चलेगी लू, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
Next