गृह मंत्री अमित शाह कल पणजी में पश्चिमी क्षेत्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे

आरएस अनेजा, 6 सितंबर नई दिल्ली - केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह सोमवार7 सितम्बर, 2026 को गोवा की राजधानी पणजी में पश्चिमी क्षेत्रीय परिषद की 28वीं बैठक की अध्यक्षता करेंगे।

पश्चिमी क्षेत्रीय परिषद में गोवा, गुजरात और महाराष्ट्र राज्य तथा दादरा और नगर हवेली एवं दमन और दीव संघ राज्यक्षेत्र शामिल हैं। राज्य पुनर्गठन अधिनियम, 1956 की धारा 15 से 22 के तहत पश्चिमी क्षेत्रीय परिषद सहित 5 क्षेत्रीय परिषदों की स्थापना की गई है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्रीश्री अमित शाह पश्चिमी क्षेत्रीय परिषद के अध्यक्ष हैं और मुख्यमंत्री, गोवा इसके उपाध्यक्ष हैं। सदस्य राज्यों में से एक राज्य के मुख्यमंत्री (हर साल बारी-बारी से) परिषद के उपाध्यक्ष होते हैं।

यह बैठक अंतर-राज्य परिषद सचिवालय, गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा गोवा सरकार की मेज़बानी में आयोजित की जा रही है। इस क्षेत्रीय परिषद में पश्चिमी क्षेत्र के प्रत्येक राज्य के मुख्यमंत्री तथा दो वरिष्ठ मंत्री सदस्य हैं। भारत सरकार और राज्य सरकारों/ संघ राज्यक्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारी भी परिषद की इस बैठक में भाग लेंगे।

क्षेत्रीय परिषद ने मुख्य सचिवों के स्तर पर एक स्थायी समिति का भी गठन किया है। राज्यों द्वारा प्रस्तावित मुद्दों को प्रथमतः क्षेत्रीय परिषद की स्थायी समिति के समक्ष चर्चा हेतु प्रस्तुत किया जाता है, जिनमें विचारोपरांत शेष बचे मुद्दों को क्षेत्रीय परिषद की बैठक में विचारण हेतु प्रस्तुत किया जाता है। 

Previous

किसानों की सेवा का त्यौहार है बलराम कृषि महोत्सव: मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश

Next

उपराष्ट्रपति आज से 9 सितंबर तक असम, मेघालय, मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश का दौरा करेंगे