26/03/26

सोनीपत में हाई-वोल्टेज ड्रामा: घर बचाने के लिए 250 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा किसान, 44 घंटे से भूखा-प्यासा

हरियाणा/सोनीपत, 26 मार्च (अन्‍नू):  हरियाणा के सोनीपत जिले के अंतर्गत आने वाले गांव असावरपुर में प्रशासन की बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में एक किसान पिछले तीन दिनों से मौत से जंग लड़ रहा है। सुनील करीब 250 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़कर अपना विरोध दर्ज करा रहा है। लगभग 44 घंटों से अधिक समय बीत जाने के बाद भी सुनील ने अन्न का एक दाना तक नहीं चखा है, जिससे उसकी शारीरिक स्थिति लगातार बिगड़ रही है। टावर पर बैठे किसान का स्पष्ट कहना है कि जब तक प्रशासन उसे वैकल्पिक जमीन या कार्रवाई रोकने का लिखित भरोसा नहीं देता, वह नीचे नहीं उतरेगा।



इस पूरे विवाद की जड़ हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) की वह कार्रवाई है, जिसके तहत मंगलवार को टीम भारी पुलिस बल के साथ सरकारी जमीन पर बने अवैध निर्माणों को ढहाने पहुंची थी। जैसे ही बुलडोजर ने सुनील के घर और वहां संचालित हो रहे एक स्कूल के कमरे को तोड़ना शुरू किया, सुनील आनन-फानन में मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सुनील के इस कदम के बाद प्रशासन को अपनी कार्रवाई बीच में ही रोकनी पड़ी। मौके पर मौजूद उसकी भाभी सोमिल ने भी आत्मदाह की चेतावनी दी है, उनका दावा है कि वे लोग यहाँ 1962 से रह रहे हैं और यह उनकी पुश्तैनी जमीन है।



दूसरी ओर, प्रशासन का पक्ष कुछ और ही कहानी बयां कर रहा है। HSVP के अधिकारियों के अनुसार, इस जमीन का अधिग्रहण साल 2006 में ही किया जा चुका था। जमीन मालिक सुनील ने इस फैसले के खिलाफ हाई कोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक का दरवाजा खटखटाया, लेकिन हर जगह से उसकी याचिका खारिज कर दी गई। प्रशासन का कहना है कि यह जमीन एक 60 मीटर चौड़ी सड़क के प्रोजेक्ट के बीच में आ रही है, इसलिए इसे खाली कराना अनिवार्य है। अधिकारी अभी भी 2006 की निर्धारित दर (करीब 12.50 लाख रुपये प्रति एकड़) पर मुआवजा देने की बात कह रहे हैं।



फिलहाल गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। किसान की पत्नी पूनम ने स्थानीय प्रशासन और सरकार पर संवेदनहीनता के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पुलिस प्रशासन उनके पति तक भोजन भी नहीं पहुंचने दे रहा है और न ही कोई बड़ा अधिकारी या नेता उनकी सुध लेने पहुंचा है। गांव की महिलाओं ने भी सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया है और ग्रामीणों की महापंचायत में बड़े फैसले की तैयारी की जा रही है। किसान का मोबाइल फोन बंद होने के कारण संपर्क पूरी तरह टूट गया है, जिससे परिजनों की चिंताएं और भी गहरी हो गई हैं।



#SonipatNews #HaryanaPolice #FarmerProtest #TowerProtest #HSVPAction #LandDispute #SonipatUpdate #BreakingNewsHaryana #DanikKhabar

Previous

दैनिक खबर : आज 26 मार्च, 2026 के प्रातः 10 बजे के ताज़ा समाचार

Next

लोक और देश सेवी पत्रकारिता समय की मांग - राज्यपाल मध्यप्रदेश