IAS संतोष वर्मा की अभद्र टिप्पणी पर अंबाला में उबाल: ब्राह्मण समाज कल उपायुक्त कार्यालय में करेगा विरोध प्रदर्शन
जे कुमार, अम्बाला, 8 दिसम्बर, 2025: मध्यप्रदेश के एक आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा द्वारा ब्राह्मण समाज की बहन-बेटियों के सम्मान पर की गई कथित अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर अंबाला में तीखा विरोध शुरू हो गया है | भगवान परशुराम गौशाला, खतौली गेट पर श्री परशुराम ब्राह्मण कल्याण सोसायटी, भगवान परशुराम गौशाला एवं सनातन टास्क फोर्स की संयुक्त महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता ओम प्रकाश शर्मा (सेवानिवृत्त उप पुलिस अधीक्षक) ने की।
विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन की तैयारी : - बैठक में आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा की टिप्पणी की कड़ी निंदा की गई। समिति ने स्पष्ट कहा कि ब्राह्मण समाज की बहन-बेटियों के सम्मान पर किसी भी प्रकार की आंच बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारी पर शीघ्र कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सभी सनातनी संगठन जिला उपायुक्त कार्यालय, अंबाला में एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। इसके उपरांत, उपायुक्त के माध्यम से माननीय राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की जाएगी।
हरियाणा ब्राह्मण कल्याण बोर्ड की मांग : - इस बैठक में ब्राह्मण कल्याण एवं समाज कल्याण से जुड़े उद्देश्यों पर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित ब्राह्मण बंधुओं द्वारा हरियाणा सरकार से अन्य राज्यों की तर्ज पर हरियाणा ब्राह्मण कल्याण बोर्ड के गठन की मांग भी जोरदार तरीके से उठाई गई। बैठक में तरसेम पाल शर्मा, अशोक कुमार शर्मा, शशी कुमार शर्मा, विनोद कुमार शर्मा सहित लगभग पचास सदस्यों ने भाग लिया।
#ambala #news #deputy-commissioners #