02/10/25

आज रात से हरिद्वार में गंगनहर 20 दिनों के लिए बंद, गंगा जी मे चलेगा साफ-सफाई व मुरम्मत का कार्य अभियान

जे कुमार हरिद्वार 2 अक्तूबर - विजयदशमी की रात से उत्तरप्रदेश सिंचाई विभाग द्वारा गंगनहर की जल आपूर्ति बंद किए जाने से हरिद्वार के गंगा घाटों पर जल संकट गहराने लगा है। विभाग की ओर से गंगनहर को आगामी 20 दिनों तक साफ-सफाई और मरम्मत कार्य के लिए बंद किया गया है।

इसके चलते हरकी पैड़ी समेत आसपास के प्रमुख घाट जलविहीन हो गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को स्नान और धार्मिक कर्मकांड करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सुबह से ही हरकी पैड़ी पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी, लेकिन स्नान योग्य जल न मिलने पर उन्हें मायूस लौटना पड़ा। गंगनहर में जल आपूर्ति न होने के कारण गंगा घाटों पर जलस्तर काफी नीचे चला गया। इस वजह से कई श्रद्धालु पारंपरिक स्नान और अर्घ्य नहीं कर सके।

ज्ञात हो कि उत्तरप्रदेश सिंचाई विभाग प्रतिवर्ष इसी समय गंगनहर को साफ-सफाई और मरम्मत कार्य के लिए बंद करता है। देर भीमगोड़ा बैराज से गंगनहर का पानी रोके जाने के बाद से हरिद्वार के सभी प्रमुख घाट प्रभावित हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, अगले 20 दिनों तक मरम्मत कार्य जारी रहेगा और उसके बाद गंगनहर की जल आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।

गंगनहर बंद होने से जहां श्रद्धालु निराश हैं, वहीं व्यापारी वर्ग और घाटों पर मौजूद पुजारियों को भी असुविधा झेलनी पड़ रही है। सभी की नजरें अब मरम्मत कार्य पूरा होने और गंगा घाटों पर पुनः अविरल धारा बहने पर टिकी हुई हैं।

#haridwar #ganga-cana #cleaning #repairwork

Previous

पलवल जिले में सामुदायिक रेडियो स्टेशन पर हुआ स्वच्छता कार्यक्रम

Next

पीकेआर जैन पब्लिक स्कूल की एन एस एस शाखा ने आयोजित किया एक दिवसीय स्वच्छता शिविर