मथुरा के पॉश इलाके में हाईवोल्टेज ड्रामा: अखाड़े पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर भाग रहे दबंग की दरोगा से बीच सड़क पर भिड़ंत, छीना-झपटी के बाद काबू
मथुरा, 7 जून (अन्नू): मथुरा के थाना कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पॉश इलाके कृष्णा नगर में रात उस समय सनसनी फैल गई, जब हाथ में लाइसेंसी रिवॉल्वर लहराते हुए भाग रहे एक सिरफिरे दबंग और यूपी पुलिस के दरोगा के बीच सड़क पर करीब आधे घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा चला। दरोगा ने जब आरोपी से हथियार छीनने का प्रयास किया, तो वह पुलिसकर्मियों से ही भिड़ गया। उसने दरोगा के साथ धक्का-मुक्की और छीना-झपटी की तथा ऊंची आवाज में देख लेने की धमकियां देने लगा।
इस दौरान दरोगा बार-बार चिल्लाते रहे— "बंदूक नीचे रखो, गोली चल जाएगी!" लेकिन आरोपी लगातार अकड़ दिखाता रहा। आखिरकार पुलिस टीम ने भारी मशक्कत और सख्ती के बाद आरोपी को जमीन पर पटक कर काबू किया। इस ड्रामे के दौरान पर्यटकों से गुलजार रहने वाले कृष्णा नगर की सड़क पर दोनों तरफ वाहनों का लंबा जाम लग गया और भारी भीड़ जमा हो गई।
अखाड़े पर 10-11 राउंड फायरिंग से मची थी अफरा-तफरी
पुलिस के अनुसार, इस पूरे ड्रामे की शुरुआत रात करीब 9 बजे भूतेश्वर अखाड़े पर हुई थी। आरोपी दिनेश वशिष्ठ (उम्र 32 वर्ष, निवासी: गांव सेही, थाना शेरगढ़) शुक्रवार रात एक सफेद रंग की महिंद्रा स्कॉर्पियो कार में सवार होकर भूतेश्वर अखाड़े पहुंचा था। कार से उतरते ही उसने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाली और अखाड़े पर ताबड़तोड़ लगभग 10 से 11 राउंड फायरिंग झोंक दी।
गोलियों की तड़तड़ाहट से अखाड़े और आसपास के बाजार में हड़कंप मच गया और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। चीख-पुकार सुनकर जब अखाड़े के पहलवान और स्थानीय लोग लाठी-डंडे लेकर दौड़े और पुलिस को सूचना दी, तो आरोपी दिनेश अपनी स्कॉर्पियो कार को मौके पर ही छोड़कर हाथ में पिस्टल लहराता हुआ पैदल ही भाग निकला।
प्रेम प्रसंग और बदनामी के विवाद में खूनी खेल की थी तैयारी
कोतवाली पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी दिनेश वशिष्ठ की एक युवती से दोस्ती है और दोनों अक्सर साथ रहते हैं। उस युवती का सगा भाई भूतेश्वर अखाड़े में पहलवानी करता है। गोविंदपुर गोपालपुरा के रहने वाले करन नामक युवक ने युवती के भाई को दिनेश और उसकी बहन की दोस्ती के बारे में बता दिया था और कहा था कि अपनी बहन को समझाए, इससे परिवार की बदनामी हो रही है।
भाई द्वारा डांटे जाने पर जब लड़की ने पूरी बात दिनेश को बताई, तो वह आगबबूला हो गया। उसने पहले करन को फोन पर गालियां देकर जान से मारने की धमकी दी और फिर शुक्रवार रात करन को सबक सिखाने के लिए अखाड़े पर धावा बोल दिया। गनीमत यह रही कि दिनेश द्वारा चलाई गई अंधाधुंध गोलियों की चपेट में कोई नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया।
बीच सड़क पर दरोगा से भिड़ंत, 1 किमी दूर जाकर दबोचा
अखाड़े से करीब 1 किलोमीटर दूर कृष्णा नगर क्षेत्र में पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी कर आरोपी दिनेश को सड़क के बीचों-बीच रोक लिया। खुद को घिरा देख आरोपी हाथ में पिस्टल तानकर खड़ा हो गया, जिससे राहगीरों में दहशत फैल गई।
मौके पर मौजूद कृष्णा नगर चौकी प्रभारी संजीव कुमार और उप-निरीक्षक (SI) मुस्ताक मोहम्मद मेहंदी ने अपनी जान की परवाह न करते हुए आरोपी को दबोच लिया। आरोपी पुलिसकर्मियों को ही धक्का देकर हथियार छीनने का प्रयास करने लगा। बाद में दोनों दरोगाओं ने आरोपी को घसीटते हुए सड़क के किनारे किया और सख्ती बरतते हुए उसके हाथ से रिवॉल्वर छीन ली। पुलिस ने मौके से 6 खाली कारतूस के खोखे भी बरामद किए हैं।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, सख्त धाराओं में केस दर्ज
मामले की पुष्टि करते हुए कृष्णा नगर चौकी प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पुराना पारिवारिक व व्यक्तिगत विवाद था, जिसके चलते फायरिंग की यह गंभीर घटना हुई।
शहर कोतवाल विनोद बाबू मिश्रा ने बताया कि आरोपी दिनेश वशिष्ठ को हिरासत में लेकर गहनता से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल और भागने वाले रूट पर लगे सभी सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज को कब्जे में ले लिया है। आरोपी के खिलाफ सरेआम जानलेवा फायरिंग करने, आर्म्स एक्ट का उल्लंघन करने और ऑन-ड्यूटी पुलिस अधिकारियों पर हमला व सरकारी कार्य में बाधा डालने की संगीन व गैर-जमानती धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
#MathuraCrime #HighVoltageDrama #KrishnaNagarMathura #FiringAtAkhada #DineshVashisht #UPPolice #ChowkiInchargeSanjeevKumar #ViralNews #LicencedRevolver #MathuraKotwali #BreakingNews #DanikKhabar #UttarPradesh
Previous
दैनिक खबर: आज 07 जून, 2026 के प्रातः 10 बजे के ताज़ा समाचार
Next