20/04/26

कुरुक्षेत्र में हृदयविदारक घटना: बीमार बेटी के कारण माता-पिता ने उठाया खौफनाक कदम, जन्मदिन के दिन ही परिवार खत्म

कुरुक्षेत्र, 20 अप्रैल (अन्‍नू): हरियाणा के कुरुक्षेत्र की प्रेम नगर कॉलोनी में एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति-पत्नी ने अपनी 3 साल की मासूम बेटी के साथ फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे पुलिस को इस घटना की सूचना मिली, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने तीनों शवों को फंदे से उतारा। डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि बच्ची एक गंभीर बीमारी से जूझ रही थी, जिसके चलते परिवार गहरे मानसिक तनाव में था।


जन्मदिन और खुशियों के बीच मातम


इस घटना का सबसे मार्मिक पहलू यह है कि जिस मासूम बच्ची अदविका की आज जन्मदिन था, उसी दिन उसकी और उसके माता-पिता की जीवन यात्रा समाप्त हो गई। परिवार की स्थिति का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कुछ दिन पहले ही उन्होंने नई थार गाड़ी खरीदी थी और वे राजस्थान की यात्रा से 2-3 दिन पहले ही घर लौटे थे। मृतक जतिंद्र कुमार (30) रेलवे मेल सर्विस में कार्यरत थे, उनकी पत्नी मंजू (28) उनके साथ थी। जतिंद्र के पिता पंजाब पुलिस से सेवानिवृत्त थे, जिनका निधन छह महीने पहले हो चुका था, और अब घर में उनकी बुजुर्ग मां बिमला देवी अकेली रह गई हैं।



सुसाइड नोट में बयां किया दर्द


मृतक जतिंद्र ने मरने से पहले अपने जीजा को एक 'ऑटोमैटिक मैसेज' के जरिए सुसाइड नोट भेजा था। इस संदेश में उन्होंने लिखा कि वे आज रात आत्महत्या कर रहे हैं और यह बात केवल उनके जीजा को पता है। उन्होंने जीजा से आग्रह किया कि वे घर जाकर उनकी मां को संभालें। उन्होंने घर की चाबियों के बारे में जानकारी देते हुए लिखा कि किसी को फोन न किया जाए, क्योंकि उनकी मां अकेली हैं और यह खबर सुनकर उनकी स्थिति बिगड़ सकती है। उन्होंने जल्द से जल्द घर पहुंचने की मार्मिक अपील की थी।


पुलिस की कार्रवाई


थाना कृष्णा गेट के एसएचओ बलजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से बरामद सुसाइड नोट को पुलिस ने अपनी कस्टडी में ले लिया है और इसकी बारीकी से जांच की जा रही है। यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग इस बात से हैरान हैं कि कैसे एक हंसता-खेलता परिवार इस कदर टूट गया।

#KurukshetraNews #HaryanaCrime #Heartbreaking #Tragedy #PoliceInvestigation #SocialAwareness #DanikKhabar

Previous

जी.एम.एन. कॉलेज में सॉलिटेयर इन्फोसिस का प्लेसमेंट ड्राइव; 15 विद्यार्थियों का इंटर्नशिप के लिए चयन

Next

तमिलनाडु: पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 23 श्रमिकों की मौत; मलबे में तब्दील हुई इमारत