17/03/25

‘‘हरियाणा का बजट भविष्यमुखी बजट है, बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत विजन को ध्यान में रखते हुए बनाया गया’’ - कैबिनेट मंत्री अनिल विज

इस बजट में हरियाणा के हर कोने में हर वर्ग तक विकास पहुंचाने के लिए हर क्षेत्र में प्रावधान किए गए हैं - अनिल विज

मैंने कई बजट देखे हैं, मुझे लगता है कि ये सबसे अच्छा बजट है - विज

‘‘कांग्रेस अपने समय में कभी कुछ करती ही नहीं थी, इसलिए उनके पास सिर्फ विरोध करने का काम है, और कोई काम नहीं है’’- विज

‘‘ऊर्जा विभाग के लिए जो जो हमने प्रावधान किए थे, वह सभी बजट में रखे गए हैं’’ - विज

चण्डीगढ, 17 मार्च- हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने आज हरियाणा के बजट को भविष्यमुखी ( फ्यूचरिस्टिक) बजट बताया और कहा कि इस बजट को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है। इसको तैयार करने से पहले मुख्यमंत्री के पास करीब 11 हजार सुझाव आए हैं, उनका अध्ययन करने के बाद ये बजट तैयार किया गया है। श्री विज ने कहा कि हरियाणा के हर कोने में हर वर्ग तक विकास पहुंचाने के लिए हर क्षेत्र में प्रावधान किए गए हैं। श्री विज ने कहा कि मैंने कई बजट देखे हैं, मुझे लगता है कि ये सबसे अच्छा बजट है।

मंत्री विज आज यहां हरियाणा विधानसभा में हरियाणा के मुख्यमंत्री द्वारा राज्य सरकार के बजट प्रस्तावों को प्रस्तुत करने के बाद मीडिया कर्मियों के साथ बातचीत कर रहे थे। उल्लेखनीय है कि आज मुख्यमंत्री ने कुल 2,05,017.29 रूपए का बजट प्रस्तुत किया है, जोकि पिछले बजट अनुमानों से 13.70 प्रतिशत अधिक है।

ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि उन्होंने हरियाणा के कई बजट देखे हैं, लेकिन इस बार का बजट सबसे बेहतरीन है। उन्होंने ये भी कहा कि ‘‘मैं समझता हूं कि हर वर्ग, हर क्षेत्र और हर क्लास, हरियाणा के चप्पे-चप्पे तक विकास पहुंचाने के लिए बजट में प्रावधान किए गए हैं. मैंने बहुत बजट देखे हैं. यह सबसे बेहतरीन बजट है’’।

वहीं, कांग्रेस का आरोप है कि नायब सिंह सैनी के बजट में कुछ ज्यादा नहीं है, केवल आंकड़ों का जिक्र किया गया है, इस सवाल के जवाब में श्री विज ने कहा कि ‘‘बजट में सब बताया जाता है, जो कुछ किया आज तक, वह भी हमने बताया। कांग्रेस अपने समय में कभी कुछ करती ही नहीं थी, इसलिए उनके पास सिर्फ विरोध करने का काम है, और कोई काम नहीं है’’।

ऊर्जा विभाग के बजट के संबंध में श्री अनिल विज ने कहा कि ‘‘ऊर्जा विभाग का जो बजट होता है, हमारी अपनी भी रेवेन्यू बहुत ज्यादा होती है, ऐसा कोई बजट घटाया नहीं गया है, जो जो हमने प्रावधान किए थे, वह सभी इसमें रखे गए हैं’’।

उल्लेखनीय है कि आज प्रस्तुत किए बजट अनुमान प्रस्तावों में बताया गया है कि:-लघु एवं मध्यम उद्योगों को जनरेटर के स्थान पर पर्यावरण अनुकूल ईधन एवं रेट्रोफिट एमिशन कंट्रोल डिवाइस को अपनाने के लिए वित्तीय सहायता दी जाएगी। मेक इन इंडिया की तर्ज पर बनाया जाएगा मेक इन हरियाणा कार्यक्रम।

इसी प्रकार, श्रम न्यायालयों की संख्या को बढ़ाकर 14 किया जाएगा। कम से कम 10 एकड़ सन्निहित भूमि पर स्थित इकाइयों के कम से कम 50 उद्यमियों द्वारा सामूहिक रूप से आवेदन करने पर इन औद्योगिक इकाइयों को आवेदन पर अंतिम निर्णय लिए जाने तक वैध इकाई माना जाएगा।

इसी तरह, ई.एस.आई. अस्पतालों और डिस्पेंसरी के लिए रियायती दरों पर जमीन दी जाएगी। गिग वर्कर्स को बीमा सुरक्षा प्रदान की जाएगी और उद्योग श्रमिक-मैत्री परिषद का गठन किया जाएगा।

गौरतलब है कि ऊर्जा क्षेत्र में बजट में बताया गया है कि बिजली उपक्रमों का संप्रक्षेण एवं व्यावसायिक घाटा वर्ष 2014-15 के 30 प्रतिशत से घटकर अब 10.4 प्रतिशत हुआ। साल 2023-24 की राष्ट्रीय रैंकिंग में पूरे देश में यू.एच.बी.वी.एन. और डी.एच.बी.वी.एन. क्रमशः प्रथम एवं द्वितीय पायदान पर रहा है। ‘‘म्हारा गांव-जगमग गांव’’ योजना के तहत 5877 गांवों में 24 घंटे बिजली उपलब्ध, शेष 1376 गांवों के लिए नई स्कीम शुरू करेंगे। वर्ष 2014 में कुल बिजली उपलब्धता 10729 मेगावाट से बढ़कर 16015 मेगावाट हुई।

इसी प्रकार, अगले सात वर्षों में बिजली की उपलब्धता 24,000 मेगावाट करने का लक्ष्य रखा है। यमुनानगर में 7272 करोड़ रुपये की लागत से एक 800 मेगावाट अल्ट्रासुपर क्रिटिकल थर्मल प्लांट का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। आरजीटीपीपी हिसार में एक 800 मेगावाट और पानीपत में 800 मेगावाट के दो अल्ट्रासुपर क्रिटिकल थर्मल प्लांट बनाए जाएंगे।

ऐसे ही, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 14250 घरों पर रूफटॉप सोलर प्लांट लगाए गए। वर्ष 2027 तक 2,22,000 रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने का लक्ष्य रखा है। दो किलोवाट तक के कनेक्शन वाले अंत्योदय परिवारों को अधिकतम 1,10,000 रुपये की सब्सिडी दी जाएगी और इस वित्त वर्ष में गांवों की सड़कों व अमृत सरोवरों पर 20,000 लाईटें लगेंगी।

-------------

Previous

आज के मुख्य समाचार और इतिहास

Next

रामनवमी पर अयोध्या में नौ दिवसीय उत्सव, 12 बजे होगा सूर्य तिलक, चार मिनट तक राम के ललाट पर पड़ेंगी सूर्य की किरणें