हरियाणा FDA का दिल्ली में बड़ा एक्शन: Telma AM की 560 नकली स्ट्रिप बरामद; बिना लाइसेंस वाली दुकान से 323 तरह की दवाएं जब्त
गुरुग्राम/दिल्ली, 21 जुलाई (अन्नू): नकली और मिलावटी दवाओं के खिलाफ हरियाणा सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस नीति’ के तहत ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स विभाग (Haryana FDA) ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। हाल ही में पकड़ी गई Telma AM की नकली दवा मामले में रिमांड पर लिए गए आरोपी सुव्रत द्विवेदी की निशानदेही पर गुरुग्राम और दिल्ली एफडीए की संयुक्त टीम ने दिल्ली के ओखला स्थित 'श्री बालाजी फार्मा' पर देर रात छापेमारी की।
टीम ने मौके से Telma AM की 560 नकली स्ट्रिप (Strips) फॉर्म 16 और 17 के तहत जब्त कीं। जांच के दौरान यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि उक्त फर्म के पास एलोपैथिक दवाओं की बिक्री और भंडारण के लिए दिल्ली ड्रग्स कंट्रोल विभाग से कोई लाइसेंस ही नहीं था। इसके बाद अधिकारियों ने मौके से बिना लाइसेंस रखी गईं 323 प्रकार की अन्य एलोपैथिक दवाओं के पूरे स्टॉक को जब्त कर लिया। यह कार्रवाई 20 जुलाई की देर रात 2:10 बजे तक जारी रही।
गुरुग्राम FDA ने हाल के वर्षों में किए कई बड़े खुलासे
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के निर्देशों और स्टेट ड्रग्स कंट्रोलर रिपन मेहता के नेतृत्व में ड्रग्स कंट्रोल ऑफिसर अमनदीप चौहान, सुरेश वर्मा (DCO-2) और मुकेश कुमार (DCO-3) की टीम ने अंतरराज्यीय व अंतरराष्ट्रीय नकली दवा नेटवर्क को ध्वस्त किया है:
टोफाजैक (Tofajack) नकली दवा मामला (2024): सेक्टर-39 में छापेमारी कर गठिया के इलाज में इस्तेमाल होने वाली टोफाजैक दवा की 1,000 से अधिक नकली डिब्बियां बरामद की गईं। मामले में यूसुफ खान, मोहम्मद जुबैर और मोहम्मद नसीम को गिरफ्तार किया गया था।
हेड ऑन (सोमाट्रोपेन) इंजेक्शन रैकेट (2025): नकली ग्रोथ हार्मोन इंजेक्शन के अवैध कूरियर नेटवर्क का भंडाफोड़ कर हरि ओम को गिरफ्तार किया गया। फरार मुख्य आरोपी जतिन खन्ना की अग्रिम जमानत 20 जुलाई 2026 को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट खारिज कर चुका है।
70 लाख के नकली माउंटजारो (Mounjaro) इंजेक्शन (अप्रैल 2026): डीएलएफ फेज-4 व सेक्टर-69 में छापेमारी कर वजन घटाने व डायबिटीज के ₹70 लाख मूल्य के नकली इंजेक्शन बरामद किए गए। आरोपी अवि शर्मा और मुजामिल खान न्यायिक हिरासत में हैं।
टेल्मा-एएम (Telma AM) अंतरराज्यीय गिरोह (जुलाई 2026): बीपी की प्रसिद्ध दवा टेल्मा-एएम के फर्जीवाड़े में सुव्रत के बाद उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से जुबैर को गिरफ्तार किया गया।
12 गिरफ्तारियां, आम जनता से सतर्क रहने की अपील
गुरुग्राम एफडीए टीम अब तक इन मामलों में 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज चुकी है, जिनमें से 10 गिरफ्तारियां अकेले ड्रग्स कंट्रोल ऑफिसर अमनदीप चौहान की अगुवाई में हुई हैं।
हरियाणा एफडीए ने आम नागरिकों, डॉक्टरों और मेडिकल स्टोर संचालकों से अपील की है कि वे दवाएं केवल अधिकृत एवं वैध लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही खरीदें। यदि किसी भी दवा की पैकेजिंग संदिग्ध लगे या नकली दवा की सूचना मिले तो तुरंत विभाग को सूचित करें ताकि दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।
#GurugramNews #FakeMedicines #HaryanaFDA #TelmaAM #DelhiOkhlaRaid #DrugControl #HealthNews #GurugramPolice #BreakingNews #DanikKhabar
Previous
हरियाणा के नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल की अध्यक्षता में एच.ए.डी.सी की 8वीं बोर्ड बैठक संपन्न
Next