रेवाड़ी के भाड़ावास रोड पर युवक पर जानलेवा हमला: CIA ने सात आरोपियों को धर दबोचा, रंजिश के चलते दी थी वारदात को अंजाम
रेवाड़ी, 30 अगस्त (अन्नू): रेवाड़ी के भाड़ावास रोड स्थित आत्मप्रकाश अस्पताल के पास 28 अगस्त की रात एक युवक पर पिस्टल की नोक पर लोहे की रॉड और डंडों से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। न्यू आदर्श नगर निवासी पीड़ित मनीष के अनुसार, जब वह बाइक से घर जा रहा था, तब पीछे से आई एक काले रंग की स्कॉर्पियो ने बाइक को टक्कर मार दी। गाड़ी से उतरे युवकों में से विक्रम भान ने मनीष की कनपटी पर पिस्टल तान दी, जबकि अन्य आरोपियों ने रॉड व डंडों से उस पर हमला कर दिया। पुलिस पेट्रोलिंग गाड़ी को आते देख सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुरानी रंजिश में वारदात, CIA ने सात आरोपियों को किया गिरफ्तार
जांच में सामने आया कि मनीष के छोटे भाई के साथ हुई पुरानी कहासुनी की रंजिश के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने जांच सीआईए रेवाड़ी प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार को सौंपी। सीआईए टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विक्रम भान, हैप्पी, दीपांशु उर्फ मैसी, विपिन, राहुल, आदित्य उर्फ माया और कुणाल को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में से कई का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से दर्ज है।
हथियार व गाड़ी बरामदगी के प्रयास जारी, एसपी की सख्त चेतावनी
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो गाड़ी, पिस्टल, रॉड व अन्य सामान बरामद करने के प्रयास में जुटी है। आरोपियों को जल्द ही अदालत में पेश किया जाएगा। एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि जिले में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
#RewariNews #HaryanaPolice #RewariPolice #CrimeNews #CIARewari #BreakingNews #DanikKhabar
Previous
नशे के खिलाफ हिसार पुलिस का जागरूकता अभियान जारी: नशा पीड़ितों को घर जाकर उपलब्ध करवाई आयुर्वेदिक दवाई
Next