गुरुग्राम: एंबिएंस मॉल की तीसरी मंजिल से युवक ने लगाई छलांग, इलाज के दौरान तोड़ा दम
गुरुग्राम, 16 मार्च (अन्नू): साइबर सिटी गुरुग्राम के मशहूर एंबिएंस मॉल में कल दोपहर एक सनसनीखेज वाकया सामने आया, जहाँ एक युवक ने मॉल की तीसरी मंजिल से कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। जानकारी के अनुसार, युवक मॉल में घूमने के इरादे से आया था, लेकिन दोपहर करीब 2 बजे उसने अचानक 'हल्दीराम' आउटलेट के सामने बनी रेलिंग से नीचे छलांग लगा दी। इस घटना के बाद मॉल में हड़कंप मच गया और वहां मौजूद लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने उसे संभालने का प्रयास भी किया, लेकिन युवक के शरीर में कोई हलचल नहीं हो रही थी।
हादसे के तुरंत बाद मॉल के सुरक्षा कर्मियों और स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए लहूलुहान युवक को पास के नारायणा अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई थी और उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक की शिनाख्त उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के बुढ़ान गांव निवासी सांगल के रूप में हुई है। पुलिस को घटना की सूचना दी गई, लेकिन पुलिस के पहुँचने से पहले ही अस्पताल ले जाया जा चुका था।
प्रारंभिक जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है। जांच अधिकारी एसआई संजीव ने बताया कि पुलिस मॉल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि घटना के सही क्रम का पता लगाया जा सके। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि युवक गुरुग्राम में किसके पास रुका था और वह यहाँ क्या काम करता था या फिर मॉल में उसके साथ कोई और भी मौजूद था।
मृतक के परिजनों को इस दुखद घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज होने के बाद ही आत्महत्या के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच को आगे बढ़ाया है और मॉल प्रशासन से भी इस संबंध में पूछताछ की जा रही है।
#GurugramNews #AmbienceMall #SuicideCase #HaryanaPolice #CrimeUpdate #Muzaffarnagar #TragicIncident #DanikKhabar