जालंधर: PPR मार्केट में हाई-वोल्टेज ड्रामा, GST टीम को बंधक बनाने के आरोप में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
पंजाब/जालंधर, 17 फरवरी (अन्नू ): पंजाब के जालंधर स्थित प्रसिद्ध पीपीआर (PPR) मार्केट में सोमवार की शाम उस वक्त भारी हंगामा हो गया, जब जीएसटी विभाग की एक टीम छापेमारी करने पहुंची। 'मेजर रियल स्टेट्स' नामक दफ्तर में चल रही इस जांच के दौरान माहौल तब बेहद तनावपूर्ण हो गया, जब वहां मौजूद बाउंसरों ने कथित तौर पर सरकारी अधिकारियों का रास्ता रोक लिया। आरोप है कि टीम को दफ्तर के भीतर ही कैद कर बाहर से शटर गिरा दिया गया, जिससे ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
इस घटना की सूचना मिलते ही जालंधर पुलिस की भारी टुकड़ी मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों को शटर खुलवाने और बंधक बनाए गए कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। बताया जा रहा है कि जिस दफ्तर पर यह रेड हुई, उसका संबंध शहर के एक रसूखदार राजनीतिक चेहरे से है, जो कांग्रेस पार्टी से जुड़े बताए जा रहे हैं। टीम जैसे ही दस्तावेजों की पड़ताल के लिए अंदर दाखिल हुई, वहां मौजूद कर्मचारियों और बाउंसरों ने विरोध शुरू कर दिया, जो बाद में हाथापाई और अधिकारियों को कमरे में बंद करने तक पहुँच गया।
सूत्रों के मुताबिक, संबंधित रियल स्टेट कारोबारी और नेता का नाम पहले भी अवैध कॉलोनियों के निर्माण और जमीन से जुड़े विवादों में उछलता रहा है। विभाग को पुख्ता जानकारी मिली थी कि यहां बड़े पैमाने पर टैक्स की चोरी की जा रही है, जिसके आधार पर सोमवार शाम यह दबिश दी गई थी। हालांकि, नेता के समर्थकों ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित कार्रवाई करार दिया है।
फिलहाल, पुलिस प्रशासन इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रहा है। सरकारी काम में बाधा डालने, अधिकारियों को बंधक बनाने और उनके साथ दुर्व्यवहार करने के जुर्म में दोषियों के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसा जा रहा है। देर रात तक पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालती रही ताकि शटर गिराने और माहौल बिगाड़ने वाले मुख्य आरोपियों की पहचान की जा सके। जीएसटी विभाग अब 'मेजर रियल स्टेट्स' के खातों और दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रहा है ताकि वित्तीय गड़बड़ियों का पर्दाफाश किया जा सके।
#JalandharNews #GSTIntervention #PPRMarket #PunjabPolice #TaxEvasion #LawAndOrder #BreakingNews #PunjabPolitics