अम्बाला: मां-बेटे समेत चार नशा तस्कर 34 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार; नशे की कमाई से बना अवैध मकान ढहाएगी पुलिस
जे कुमार बराड़ा (अम्बाला), 1 अप्रैल 2026: नशे के सौदागरों के खिलाफ अम्बाला पुलिस ने एक और बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है। थाना बराड़ा पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर मां-बेटे सहित कुल चार नशा तस्करों को 34 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त एक कार, एक मोटरसाइकिल और ड्रग मनी भी बरामद की है। डीएसपी बराड़ा सुरेश कुमार ने स्पष्ट किया है कि नशे की काली कमाई से अर्जित संपत्ति को सीज किया जाएगा और आरोपियों के अवैध निर्माणों पर प्रशासन का 'पीला पंजा' चलेगा।
पंडित ढाबा के पास नाकाबंदी कर दबोचे तस्कर: डीएसपी सुरेश कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि उप-निरीक्षक रणबीर सिंह और एएसआई नसीब सिंह की टीम को सूचना मिली थी कि आरोपी दोसड़का की तरफ से गाड़ी में नशे की खेप लेकर बराड़ा की ओर आ रहे हैं। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पंडित ढाबा के पास नाकाबंदी की और घर पहुँचने से पहले ही आरोपियों को धर दबोचा। गाड़ी सवार तीनों आरोपियों की पहचान सलमान उर्फ माडू, नसीम उर्फ घुग्गी (निवासी बराड़ा) और उनकी माता के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान इनके कब्जे से 34 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
नेटवर्क का खुलासा और ड्रग मनी बरामद: पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने यह नशा गांव थम्बड़ निवासी राजदीप से खरीदा था। पुलिस ने तत्काल दबिश देकर राजदीप को भी एक बाइक और 9,000 रुपये ड्रग मनी सहित काबू कर लिया। जांच में सामने आया है कि नसीम उर्फ घुग्गी पहले भी नशा तस्करी के मामले में वांछित था, जबकि सलमान के खिलाफ मारपीट के मामले दर्ज हैं।
संपत्ति होगी सीज, चलेगा बुलडोजर: पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि नशे के व्यापार से बनाई गई संपत्ति को सीज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और उनके द्वारा बनाए गए अवैध मकानों को जल्द ही ढहाया जाएगा। फिलहाल, सलमान और आरोपी महिला को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी नसीम और राजदीप को पुलिस रिमांड पर लिया गया है ताकि इस गिरोह के मुख्य सप्लायरों तक पहुँचा जा सके।
#AmbalaPolice #AntiDrugDrive #BararaNews #HeroinSmuggling #DrugFreeHaryana #PoliceAction #BulldozerAction #NDPSAct #CrimeUpdateAmbala #NashaMuktAmbala #BreakingNewsHaryana #ZeroTolerance