19/12/25

जाम से मुक्ति: अंबाला छावनी में अब क्रेन हटाएगी अवैध वाहन; ₹450 जुर्माना और मल्टी लेवल पार्किंग का होगा इस्तेमाल

जे कुमार अम्बाला 19 दिसम्बर 2025 : - हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज के मार्गदर्शन एवं भाजपा नेता कपिल विज के प्रयासों से अम्बाला छावनी के प्रमुख बाजारों में लंबे समय से चली आ रही ट्रैफिक जाम की समस्या से जल्द राहत मिलने जा रही है। अव्यवस्थित पार्किंग के कारण बाजारों में लगने वाले जाम को खत्म करने के लिए नगर परिषद अम्बाला ने सख्त और प्रभावी कदम उठाए हैं।

नगर परिषद द्वारा लखनऊ की एक एजेंसी को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वह बाजारों और मुख्य सड़कों पर डिवाइडर के किनारे खड़े वाहनों को क्रेन की सहायता से हटाएगी। ऐसे वाहनों को रेलवे रोड पर स्थित मल्टी लेवल पार्किंग में खड़ा किया जाएगा। इस कार्रवाई के तहत वाहन मालिक से 450 रुपये की सरकारी फीस वसूली जाएगी। नगर परिषद का मानना है कि इस कदम से सड़क पर अवैध पार्किंग पर रोक लगेगी और यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सकेगी।

छावनी के व्यस्त बाजार क्षेत्रों में दुकानों के बाहर और सड़कों के किनारे खड़े वाहनों के कारण आए दिन जाम की स्थिति बन जाती थी, जिससे आम जनता, दुकानदारों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। कई बार एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आपात सेवाओं को भी निकलने में कठिनाई होती थी।

नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी ने अम्बाला की जनता से अपील की है कि वे अपने वाहनों को सड़क पर खड़ा करने के बजाय रेलवे रोड पर बनी मल्टी लेवल पार्किंग का उपयोग करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई वाहन गलत तरीके से सड़क पर पार्क किया हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इस योजना को सख्ती से लागू किया गया तो बाजारों में ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होगी, समय की बचत होगी और शहर को जाम से काफी हद तक राहत मिलेगी। नगर परिषद का उद्देश्य अम्बाला को जाम मुक्त और व्यवस्थित शहर बनाना है।

#ambala #News #haryana #freedom-from-traffic-jams #cranes-will-now-remove-illegal-vehicles

Previous

ब्रह्माकुमारीज़ के निर्देशन में नागरिक अस्पताल, अंबाला कैंट में मनाया गया मेडिटेशन दिवस

Next

ऑनलाइन ट्रांसफर ड्राइव के लिए कर्मचारी 25 दिसंबर तक जमा करा सकेंगे मेडिकल सर्टिफिकेट