शेयर बाजार के नाम पर लाखों की ठगी: नारनौल पुलिस ने मध्य प्रदेश से दबोचा अंतरराज्यीय साइबर अपराधी
नारनौल, 08 मई (अन्नू): हरियाणा के नारनौल साइबर थाना पुलिस ने शेयर मार्केट में मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर लोगों को ठगने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में ग्वालियर (मध्य प्रदेश) निवासी पंकज को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी बैंकिंग सेक्टर का जानकार है और पहले भी कई निजी बैंकों में अपनी सेवाएं दे चुका है, जिसका इस्तेमाल वह लोगों को ठगने के लिए करता था।
फर्जी ऐप और करोड़ों का नकली मुनाफा
ठगी का यह मामला महेंद्रगढ़ के गांव झूक निवासी सुंदर कुमार की शिकायत पर सामने आया। पीड़ित को जालसाजों ने खुद को 'एक्सिस सिक्योरिटी' का अधिकारी बताकर विश्वास में लिया और एक फर्जी मोबाइल ऐप डाउनलोड करवाई। 22 दिसंबर 2025 से 11 मार्च 2026 के बीच पीड़ित ने निवेश के नाम पर कुल 14.26 लाख रुपये ठगों के खातों में डाल दिए। हद तो तब हो गई जब ऐप में पीड़ित का मुनाफा 33 करोड़ रुपये दिखाया गया, लेकिन इसे निकालने के बदले ठगों ने 3.34 करोड़ रुपये 'टैक्स' के नाम पर और मांग लिए, जिससे धोखाधड़ी का खुलासा हुआ।
देशभर में फैला है ठगी का नेटवर्क
पुलिस जांच में एक चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि पीड़ित से ठगे गए रुपयों में से 6.33 लाख रुपये ग्वालियर की 'केकेवीआर कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड' के खाते में भेजे गए थे। इस विशेष बैंक खाते के खिलाफ देशभर में पहले से ही 8 शिकायतें दर्ज हैं। इतना ही नहीं, दिल्ली में भी इसी खाते से जुड़ी 96 लाख रुपये की एक बड़ी ठगी का मामला पुलिस रिकॉर्ड में मौजूद है।
आरोपी से बरामद हुआ भारी सामान
पुलिस टीम ने ग्वालियर में छापेमारी कर पंकज को गिरफ्तार किया और उसके पास से फर्जीवाड़े में इस्तेमाल होने वाला भारी सामान बरामद किया। इसमें 11 चेकबुक, 15 एटीएम कार्ड, 4 मोबाइल फोन, 2 सिम कार्ड और फर्जी कंपनियों की मोहरें शामिल हैं। पूछताछ में पता चला है कि इन लोगों ने पैसे के लेन-देन के लिए फर्जी कंपनियां भी रजिस्टर करा रखी थीं। फिलहाल पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
#CyberCrime #NarnaulPolice #ShareMarketScam #OnlineFraud #HaryanaPolice #CyberSecurity #FraudAlert #BankingScam #DanikKhabar
Previous
बठिंडा पुलिस की बड़ी कामयाबी: 98 किलो चूरा पोस्त के साथ हरियाणा के दो तस्कर गिरफ्तार
Next