फरीदाबाद: कॉलेज से अचानक गायब हुईं BSC की तीन छात्राएं; दार्जिलिंग घूमने का बनाया था प्लान, न्यू जलपाईगुड़ी में मिलीं
फरीदाबाद, 20 अगस्त (अन्नू): फरीदाबाद के एक डिग्री कॉलेज में बीएससी अंतिम वर्ष में पढ़ने वाली तीन छात्राएं घर वालों को बताए बिना अचानक गायब हो गईं। 14 अगस्त को कॉलेज से निकलने के बाद जब तीनों छात्राएं घर नहीं पहुंचीं और उनके मोबाइल फोन भी बंद आने लगे, तो परिजनों में हड़कंप मच गया। घबराए परिजनों ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पूछताछ में सामने आया कि तीनों छात्राओं (उम्र 22-23 वर्ष) को ट्रैवल वीडियो देखने का शौक था। इंटरनेट पर दार्जिलिंग की खूबसूरती देखकर उन्होंने वहां घूमने का मन बनाया और गुपचुप पैसे जुटाने शुरू कर दिए। 14 अगस्त को कॉलेज से निकलकर तीनों ने नमस्ते चौक पर बिरयानी खाई, मोबाइल स्विच ऑफ किए और मेट्रो पकड़कर दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंच गईं।
वाराणसी में गंगा स्नान कर पहुंचीं न्यू जलपाईगुड़ी; आखिरी कॉल ने खोला राज:
बिना टिकट किया लंबा सफर: नई दिल्ली से सीधी ट्रेन न मिलने पर तीनों पुरानी दिल्ली पहुंचीं और डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस पकड़ी। रास्ते में दानापुर उतरकर तीनों वाराणसी गईं, जहाँ गंगा स्नान करने के बाद न्यू जलपाईगुड़ी की ट्रेन पकड़ी।
आखिरी कॉल से मिला सुराग: पुलिस ने जब तीनों के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली तो आखिरी कॉल एक युवक की मिली। युवक से पूछताछ में पता चला कि लड़कियां दार्जिलिंग घूमने जाने की बात कह रही थीं।
सुरक्षित बरामदगी: लोकेशन ट्रेस करते हुए पुलिस और परिजन 16 अगस्त की सुबह न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां तीनों छात्राएं मिल गईं। चौकी प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि तीनों को सुरक्षित परिजनों के हवाले कर दिया गया है।
#FaridabadNews #HaryanaPolice #DarjeelingTrip #FaridabadCollege #MissingGirlsFound #DainikKhabar #HaryanaNews
Previous
ईडी की बड़ी कार्रवाई: अरुणाचल प्रदेश के पापुम बारे जिले में 2.69 करोड़ की दो संपत्तियां अनंतिम रूप से कुर्क
Next