कहीं कोहरा तो कहीं 'तीखी' धूप, हरियाणा में बदलने लगा मौसम का मिजाज; विजिबिलिटी 50 मीटर तक गिरी

हरियाणा/मौसम, 21 फरवरी (अन्‍नू ): हरियाणा के मौसम में इन दिनों काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के सक्रिय होने से शनिवार को राज्य के अधिकतर हिस्से घनी धुंध की चादर में लिपटे रहे। हिसार जैसे जिलों में सुबह के समय दृश्यता (Visibility) गिरकर महज 50 मीटर तक रह गई। वातावरण में नमी और उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण सुबह-शाम ठिठुरन महसूस की जा रही है.



मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में 0.7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान में 1.4 डिग्री सेल्सियस का इजाफा हुआ है। फिलहाल दिन का पारा सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस ऊपर बना हुआ है, जिससे दोपहर के समय लोगों को हल्की गर्मी का अहसास होने लगा है। शनिवार को नारनौल 8.5 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे ठंडा इलाका रहा, जबकि पलवल में सबसे अधिक 29.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।


आने वाले दिनों के लिए मौसम वैज्ञानिकों ने अनुमान जताया है कि अगले पांच दिनों तक प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। अगले एक सप्ताह के भीतर न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की और वृद्धि हो सकती है, जिससे सुबह के समय होने वाली ठंड में धीरे-धीरे कमी आएगी। हालांकि, ग्रामीण और खुले इलाकों में सुबह के समय हल्की सर्दी का असर अभी कुछ दिन और बरकरार रहने की उम्मीद है।


तापमान के विश्लेषण को देखें तो करनाल, भिवानी और जींद जैसे शहरों में न्यूनतम पारा 9 से 10 डिग्री के बीच बना हुआ है, वहीं गुरुग्राम और रोहतक में रातें थोड़ी कम ठंडी हैं। दिन के समय चंडीगढ़, हिसार और अंबाला में भी तापमान सामान्य से ऊपर रिकॉर्ड किया जा रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि शुष्क मौसम और तेज धूप के चलते अधिकतम तापमान में अभी और बढ़ोतरी देखी जा सकती है।



 #HaryanaWeather #WeatherUpdate #HaryanaNews #WinterSpringTransition #FogAlert #TemperatureRise #IMDHaryana

Previous

करनाल के संडीर गांव में खूनी संघर्ष: बाइक सवार युवकों ने लाठी-डंडों से दो को पीटा, हालत गंभीर

Next

आज 21 फरवरी का इतिहास