20/07/26

फतेहाबाद सिविल अस्पताल में बड़ी सौगात: कल से शुरू होंगे दूरबीन (लैप्रोस्कोपिक) से पित्त के ऑपरेशन

फतेहाबाद, 20, जुलाई (अन्‍नू): फतेहाबाद जिले के मरीजों और आम जनता के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के लिहाज से एक बेहद राहत भरी खबर है। जिला सिविल अस्पताल में अब पित्त की थैली (गॉलब्लैडर) की पथरी व अन्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों को महंगे इलाज के लिए दूसरे बड़े शहरों की तरफ रुख नहीं करना पड़ेगा। अस्पताल में कल (मंगलवार) से पहली बार लैप्रोस्कोपिक (दूरबीन) तकनीक से पित्त की थैली के ऑपरेशन की शुरुआत होने जा रही है। इस आधुनिक दूरबीन सर्जरी की पूरी कमान अस्पताल के विशेषज्ञ सर्जन डॉ. हिमांशु संभालेंगे।

सुविधा और उपकरणों के अभाव में भटकते थे मरीज

गौरतलब है कि अब तक फतेहाबाद के सिविल अस्पताल में दूरबीन से ऑपरेशन करने की सुविधा उपलब्ध नहीं थी। इसके पीछे की मुख्य वजह आवश्यक लैप्रोस्कोपिक मशीनों, अत्याधुनिक उपकरणों और विशेषज्ञ सर्जन की कमी थी। इस कारण मजबूरन मरीजों को हिसार, रोहतक, अग्रोहा के मेडिकल कॉलेजों या फिर महंगे निजी अस्पतालों में जाना पड़ता था, जहां उन्हें इलाज पर हजारों रुपये खर्च करने पड़ते थे।

सभी जरूरी मशीनें उपलब्ध, दूरबीन तकनीक के बड़े फायदे

अस्पताल प्रशासन ने अब ऑपरेशन थिएटर (OT) के लिए जरूरी सभी अत्याधुनिक लैप्रोस्कोपिक मशीनें, उपकरण और मेडिकल सामग्री उपलब्ध करा दी है। पहले चरण में पित्त की थैली की पथरी के मरीजों के ऑपरेशन किए जाएंगे।

लैप्रोस्कोपिक तकनीक का सबसे बड़ा फायदा यह होता है कि इसमें पेट पर बड़ा चीरा (कट) नहीं लगाया जाता, बल्कि छोटे-छोटे छिद्रों के जरिए सर्जरी की जाती है। इससे मरीज को दर्द बेहद कम होता है, इन्फेक्शन का खतरा न के बराबर रहता है, खून का रिसाव बहुत कम होता है और मरीज बहुत जल्द पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने घर लौट जाता है।

समय और पैसे दोनों की होगी बचत: कार्यकारी सीएमओ

मामले पर जानकारी देते हुए कार्यकारी सीएमओ डॉ. बुधराम ने कहा कि सिविल अस्पताल में लगातार स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। विशेषज्ञ सर्जन की नियुक्ति के बाद अब दूरबीन तकनीक से गॉलब्लैडर के ऑपरेशन शुरू किए जा रहे हैं, जिसका सीधा लाभ जिले के सैकड़ों गरीब व मध्यमवर्गीय मरीजों को मिलेगा। आने वाले समय में अन्य अंगों की भी लैप्रोस्कोपिक सर्जरी शुरू करने की योजना बनाई जा रही है।

#FatehabadNews #FatehabadCivilHospital #LaparoscopicSurgery #GallbladderOperation #DrHimanshu #DanikKhabar #HaryanaHealth #FatehabadHealthServices #BreakingNews

Previous

सांबा में संदिग्ध ड्रोन मिलने से सुरक्षा बलों में हड़कंप; जांच में निकला चीनी खिलौना

Next

देहरादून में एसटीएफ का बड़ा एक्शन: नामी ब्रांड्स के नाम पर नकली दवा बनाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, सरगना गिरफ्तार