फरीदाबाद: सब-इंस्पेक्टर 1.50 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
आरएस अनेजा, 6 दिसम्बर नई दिल्ली - फरीदाबाद में हरियाणा राज्य सतर्कता और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना धौज में तैनात सब-इंस्पेक्टर सुमित कुमार को 1.50 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई शिकायतकर्ता द्वारा दी गई सूचना के आधार पर की गई।
शिकायतकर्ता ने बताया था कि 8 सितंबर 2025 को उसके खिलाफ धारा 318(बी) पीएनएस के तहत थाना धौज में केस दर्ज है। मामले की जांच कर रहे सब-इंस्पेक्टर सुमित कुमार ने केस का चालान कोर्ट में पेश करने के बदले ₹1,50,000 की रिश्वत की मांग की थी। दबाव में आकर शिकायतकर्ता ने राज्य सतर्कता ब्यूरो, अंबाला में शिकायत की। शिकायत की सत्यता जांचने के बाद एक ट्रैप टीम बनाई गई।
5 दिसंबर 2025 को टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में ऑपरेशन शुरू किया। शिकायतकर्ता को यश फार्म हाउस के पास मिलने के बहाने बुलाया गया। जैसे ही आरोपी अधिकारी ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, सतर्कता टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। आगे की जांच राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो द्वारा की जाएगी।