फरीदाबाद में हाई-प्रोफाइल जालसाजी: ₹34 लाख के पैकेज वाला आईटी इंजीनियर होटल में छाप रहा था नकली नोट, गिरफ्तार
जे कुमार फरीदाबाद, 29 जून 2026: हरियाणा के फरीदाबाद में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सूरजकुंड थाना पुलिस ने एक नामी होटल में छापा मारकर ₹100 और ₹500 के नकली नोट छापने वाले एक शातिर जालसाज को गिरफ्तार किया है। हैरान करने वाली बात यह है कि पकड़ा गया आरोपी कोई आम अपराधी नहीं, बल्कि बेंगलुरु (VIT) से ग्रेजुएट और नोएडा की एक मल्टीनेशनल कंपनी (MNC) में ₹34 लाख के सालाना पैकेज पर काम करने वाला आईटी इंजीनियर है।
होटल के कमरे को बना रखा था 'जाली नोटों की फैक्ट्री'
पुलिस प्रवक्ता से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान फरीदाबाद के सेक्टर-17 निवासी विनायक झा के रूप में हुई है, जिसके माता-पिता भी सरकारी विभागों में कार्यरत हैं |
ऐसे हुआ भंडाफोड़: आरोपी ने 26 जून को सूरजकुंड स्थित 'होटल सरोवर पोर्टिको' में कमरा नंबर 404-B बुक कराया था। दो दिन तक कमरा लगातार बंद रहने और आरोपी के चाबी लेकर गायब रहने पर होटल प्रबंधन को शक हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
बरामदगी: पुलिस ने जब होटल स्टाफ की मौजूदगी में कमरा खुलवाया, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए। कमरे के भीतर से एक लैपटॉप, हाई-टेक प्रिंटर, नोट छापने में इस्तेमाल होने वाला विशेष पेपर (कागज), ₹500 का एक नकली नोट और ₹100 के 10 जाली नोट बरामद हुए।
कोर्ट ने भेजा दो दिन के रिमांड पर, क्राइम ब्रांच करेगी जांच
होटल रजिस्टर में दर्ज पहचान पत्र और दस्तावेजों के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी विनायक झा को सेक्टर-17 स्थित उसके घर से दबोच लिया। पूछताछ में वह होटल के कमरे से मिले आपत्तिजनक सामान को लेकर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
पुलिस की कार्रवाई: पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जाली मुद्रा तैयार करने की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इस रैकेट की आगे की जांच क्राइम ब्रांच (NIT) टीम को सौंप दी गई है। पुलिस अब आरोपी के लैपटॉप और मोबाइल की फॉरेंसिक जांच करा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह अब तक बाजार में कितने लाख के नकली नोट खपा चुका है और इस रैकेट के तार राजस्थान या अन्य राज्यों के किस बड़े गिरोह से जुड़े हैं।
#FaridabadNews #FakeCurrencyRacket #ITEngineerArrested #CounterfeitNotes #SurajkundPolice #FaridabadCrime #BreakingNewsHaryana
Previous
उत्तराखंड के थानों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार, हरियाणा के अम्बाला का रहने वाला है 'डेविल'
Next