अम्बाला में एचटेट-2025 परीक्षा की तैयारियां पूरी, 4 और 5 जुलाई को 12,219 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा
जे कुमार 2 जुलाई 2026 : अम्बाला : अम्बाला के उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने कहा है कि हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट)-2025 का नकल रहित, पारदर्शी और सुरक्षित वातावरण में सफल आयोजन कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बुधवार को अपने कैंप कार्यालय के सभागार में परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा बैठक लेते हुए उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाने के निर्देश दिए। इस बैठक से पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के उपायुक्तों को परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे।
उपायुक्त ने बताया कि इस बार अंबाला जिले के विभिन्न केंद्रों पर अम्बाला और पंचकूला जिले के कुल 12,219 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इसके लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। लेवल-3 (पीजीटी) के लिए 13 परीक्षा केंद्रों पर 4,114, लेवल-2 (टीजीटी) के लिए 20 केंद्रों पर 6,141 तथा लेवल-1 (पीआरटी) के लिए 7 परीक्षा केंद्रों पर 1,964 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा के शेड्यूल के अनुसार 4 जुलाई को लेवल-3 की परीक्षा दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक होगी। वहीं 5 जुलाई को लेवल-2 की परीक्षा सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक और लेवल-1 की परीक्षा दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित की जाएगी।
प्रशासन ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही प्रश्न-पत्र समय पर पहुंचाने, सीसीटीवी कैमरे, जैमर, बायोमीट्रिक सत्यापन और फ्रिस्किंग की बेहतर व्यवस्था की गई है। उपायुक्त ने सख्त लहजे में कहा कि परीक्षा के आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने यातायात प्रबंधन, बिजली-पानी की निर्बाध आपूर्ति और स्वास्थ्य सेवाओं जैसी जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इस महत्वपूर्ण बैठक में एडीसी विराट, सीईओ जिला परिषद गगनदीप, एसडीएम कनिका गोयल, एसडीएम दर्शन कुमार, नगराधीश अभिषेक गर्ग और जिला शिक्षा अधिकारी सुधीर कालडा सहित विभिन्न विभागों के आला अधिकारी मौजूद रहे।
#HTET2026 #AmbalaNews #HaryanaExam #HTETExam #DainikKhabar #DCAnajySinghTomar #CMNayabSaini #ExamPreparation #HaryanaEducation #AmbalaAdministration
Previous
रात्रि ठहराव जनसंवाद में उपायुक्त डा. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, किया समाधान
Next