19/05/26

नूंह में पुलिस और गो-तस्करों के बीच मुठभेड़: एम्बुलेंस में ले जा रहे थे गोवंश, पैर में गोली लगने से एक तस्कर गिरफ्तार, दो फरार

नूंह, 19 मई (अन्‍नू): हरियाणा के नूंह (मेवात) जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां मंगलवार सुबह पुलिस और गो-तस्करों के बीच सीधी मुठभेड़ (एनकाउंटर) हो गई। तस्कर एक गाड़ी पर एम्बुलेंस लिखकर उसमें अवैध रूप से गोवंश की तस्करी कर रहे थे। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर जब तस्करों को घेरने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में एक तस्कर के पैर में गोली लगी है, जिससे वह घायल हो गया और उसे दबोच लिया गया। हालांकि, उसके दो साथी अंधेरे और मौके का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहे।

पुलिस ने बिछाय था जाल, रुकने के बजाय तस्करों ने झोंकी गोलियां

इस पूरी कार्रवाई को अपराध जांच शाखा (CIA) नूंह की टीम ने अंजाम दिया। सीआईए प्रभारी उप-निरीक्षक महेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर एक वाहन में गोवंश लादकर ले जाने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने नूंह-उटावड़ रोड पर जयसिंहपुर गांव के पास नाकाबंदी कर दी। जैसे ही तस्करों का संदिग्ध वाहन वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। लेकिन आरोपियों ने गाड़ी रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी और भागने की कोशिश की। जब पुलिस टीम ने पीछा किया, तो तस्करों ने उन पर सीधे फायर झोंक दिया।

उटावड़ का रहने वाला है घायल तस्कर, मेडिकल कॉलेज में भर्ती

पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गो-तस्कर के पैर में गोली लग गई और वह वहीं गिर पड़ा। घायल तस्कर की पहचान उटावड़ निवासी हमास खान के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लिया और इलाज के लिए नल्हड़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है, जहां उसकी स्थिति नियंत्रण में है। वहीं, उसके दो अन्य साथियों की पहचान कर ली गई है और पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

देसी कट्टा, कारतूस और 4 गोवंश बरामद; सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से भारी मात्रा में अवैध हथियार और अन्य सामान बरामद किया है। तलाशी के दौरान तस्करों के पास से एक देसी कट्टा, तीन खाली खोके और दस जिंदा कारतूस मिले हैं। इसके साथ ही पुलिस ने तस्करों की ईको कार और उसमें बेरहमी से ठूंसे गए चार गोवंशों को भी अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित स्थान पर भेजा है। आरोपियों के भागने और पुलिस द्वारा पीछा करने की पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गई है। नूंह सदर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गो-तस्करी, अवैध हथियार रखने और पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने सहित विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है।

#NuhEncounter #HaryanaPolice #NuhNews #MewatUpdates #CrimeControl #HaryanaCrime #DanikKhabar #EncounterNews #CowSmuggling

Previous

रेलवे कर्मचारियों का फूटा गुस्सा: मांगों को लेकर देशव्यापी आंदोलन की चेतावनी, पुरानी पेंशन बहाली और 8वें वेतन आयोग पर अड़े

Next

कैथल: कपिल मुनि तालाब में डूबने से दो सगी बहनों की दर्दनाक मौत, मॉर्निंग वॉक के दौरान हुआ हादसा