अम्बाला मे अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम द्वारा ड्रोन पायलट ट्रेनिंग कार्यक्रम हुआ शुरू
जे कुमार, अम्बाला 9 अक्तूबर - अनुसूचित जाति के युवाओं को आत्मनिर्भर और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम द्वारा ड्रोन पायलट ट्रेनिंग कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण योजना उन पात्र उम्मीदवारों के लिए है जो ड्रोन संचालन में कौशल हासिल कर रोजगार या स्वरोजगार के अवसर प्राप्त करना चाहते हैं।
निगम के प्रवक्ता ने बताया कि इस प्रशिक्षण के लिए वही अनुसूचित जाति के आवेदक पात्र होंगे जिनकी पारिवारिक वार्षिक आय ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में 3 लाख रुपये (परिवार पहचान पत्र के अनुसार) से अधिक न हो। आवेदक की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता दसवीं कक्षा पास होना आवश्यक है।
प्रवक्ता ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। ड्रोन तकनीक का उपयोग कृषि, सर्वेक्षण, फोटोग्राफी, निगरानी तथा आपदा प्रबंधन जैसे अनेक क्षेत्रों में बढ़ रहा है, जिससे प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार की अपार संभावनाएं मिलेंगी।
इच्छुक आवेदक अपने आवेदन हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के जिला कार्यालय, मकान नं. 17, प्रीत नगर, नजदीक अग्रवाल अस्पताल, अंबाला छावनी, अंबाला में जमा करवा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए आवेदक कार्यालय के दूरभाष नम्बर 0171-2698228 पर भी संपर्क कर सकते हैं।
#ambala #news #dronepilottraining #programstarted