पंचकूला: चिटकारा स्कूल की बस अनियंत्रित होकर 4 कारों से टकराई; टला बड़ा हादसा, सभी 20 बच्चे सुरक्षित
पंचकूला, 07 जुलाई, (अन्नू): पंचकूला शहर के सेक्टर-26 में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहाँ 'चिटकारा स्कूल' की एक तेज रफ्तार बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़ी चार कारों को टक्कर मार दी। हादसे के वक्त बस में करीब 20 बच्चे सवार थे। गनीमत रही कि इस टक्कर में किसी भी बच्चे को कोई चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि घरों के बाहर खड़ी कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। इससे नाराज स्थानीय लोगों ने बस चालक को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही चंडीमंदिर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। इस बीच स्कूल प्रबंधन ने मुस्तैदी दिखाते हुए बच्चों को बस से सुरक्षित उतारा और दूसरी बस का इंतजाम कर उन्हें स्कूल भिजवाया। पूछताछ में बस ड्राइवर ने बताया कि सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार को बचाने के चक्कर में बस का संतुलन बिगड़ गया था।
चंडीमंदिर थाना एसएचओ (SHO) रामपाल ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। उन्होंने कहा कि कार मालिकों और स्थानीय लोगों की शिकायत के आधार पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल राहत की बात यही है कि सभी बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं।
#PanchkulaNews #SchoolBusAccident #ChitkaraSchool #Sector26Panchkula #ChandimandirPolice #RoadSafety #HaryanaNews #BreakingNews #DanikKhabar
Previous
ईमानदारी और सत्यनिष्ठा एक युवा अधिकारी की सबसे बड़ी पूंजी है- मध्यप्रदेश डीजीपी मकवाणा
Next