अंबाला के अटल कैंसर केयर सेंटर के डॉक्टरों ने रचा इतिहास, 14 वर्षीय युवती को मिला नया जीवन
जे कुमार अम्बाला छावनी, 20 मई 2026: अंबाला कैंट स्थित नागरिक अस्पताल के क्षेत्रीय अटल कैंसर केयर सेंटर (Atal Cancer Care Centre) के डॉक्टरों ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट चिकित्सा प्रणाली, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और विशेषज्ञता का लोहा पूरे प्रदेश में मनवाया है। अस्पताल के डॉक्टरों की एक समर्पित टीम ने एक 14 वर्षीय युवती का बेहद जटिल और दुर्लभ ऑपरेशन कर उसे असहनीय दर्द से मुक्ति दिलाते हुए नया जीवन प्रदान किया है। चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार, यह जन्मजात बीमारी इतनी दुर्लभ है कि दुनिया भर में लगभग एक लाख बच्चियों में से किसी एक में ही देखने को मिलती है।
निजी अस्पतालों से मायूस होकर पहुँचे थे 'अटल कैंसर सेंटर'
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित 14 वर्षीय किशोरी को नवंबर 2025 में अचानक पेट के निचले हिस्से और साइड में तेज दर्द होना शुरू हुआ था। परिजनों ने उसे कई नामी निजी (प्राइवेट) अस्पतालों और डॉक्टरों के पास ले जाकर चेकअप करवाया और काफी पैसा खर्च कर इलाज कराया। लेकिन तमाम कोशिशों के बाद भी युवती की सेहत में कोई सुधार नहीं हुआ और न ही कोई डॉक्टर बीमारी के सही कारण को पकड़ सका।
हर जगह से निराश और मायूस होने के बाद परिजन 22 अप्रैल को अंबाला कैंट के अत्याधुनिक अटल कैंसर केयर सेंटर पहुँचे। यहाँ उनकी मुलाकात वरिष्ठ महिला रोग विशेषज्ञ डॉक्टर मीनाक्षी राणा भूषण से हुई। डॉ. मीनाक्षी ने पूरी संवेदनशीलता के साथ युवती की स्थिति को समझा और उसके अत्याधुनिक मेडिकल टेस्ट व स्कैन करवाए।
जांच में हुआ चौंकाने वाला खुलासा: जन्म से गायब था बच्चेदानी का मुंह
जांच रिपोर्ट सामने आते ही डॉक्टर भी हैरान रह गए। रिपोर्ट्स में एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि युवती के शरीर में जन्म से ही बच्चेदानी का मुंह (Cervix) विकसित नहीं हुआ था। इसके कारण मासिक धर्म (Menstruation) का आंतरिक बहाव बाहर नहीं आ पा रहा था, जिससे वह अंदर ही जमा हो रहा था और इसी वजह से उसे लगातार असहनीय और जानलेवा पेट दर्द का सामना करना पड़ रहा था। चिकित्सा विज्ञान की भाषा में इस अत्यंत दुर्लभ स्थिति को संभालना किसी चुनौती से कम नहीं था।
ढाई घंटे चला पेचीदा ऑपरेशन, टीम को मिली ऐतिहासिक सफलता
बीमारी की सटीक पहचान होते ही डॉक्टरों ने बिना समय गंवाए तुरंत सर्जरी करने का फैसला लिया। इस संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन को अंजाम देने के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक संयुक्त टीम गठित की गई। डॉक्टर मीनाक्षी राणा भूषण के नेतृत्व में डॉक्टर अभिषेक भूषण (सर्जन), डॉक्टर वेद पाठक , डॉक्टर मोहित , नर्सिंग स्टाफ दिव्या और गुरविंदर की टीम ने मिलकर ऑपरेशन थिएटर में मोर्चा संभाला। यह जटिल ऑपरेशन करीब ढाई घंटे तक चला। डॉक्टरों ने अपनी सूझबूझ, अनुभव और अस्पताल में उपलब्ध अत्याधुनिक तकनीकों का सटीक इस्तेमाल करते हुए ऑपरेशन को शत-प्रतिशत सफल बनाया। अब युवती पूरी तरह स्वस्थ है और उसे इस तकलीफ से हमेशा के लिए निजात मिल गई है। सफल सर्जरी के बाद बेटी को मुस्कुराता देख परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई है और उन्होंने पूरी टीम का कोटि-कोटि धन्यवाद किया है।
कैबिनेट मंत्री अनिल विज और पीएमओ डॉ. पूजा पेंटल का जताया आभार
इस ऐतिहासिक सफलता पर डॉक्टरों की टीम और अस्पताल प्रबंधन ने प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल विज का विशेष आभार व्यक्त किया। डॉक्टरों ने कहा कि अनिल विज के अथक प्रयासों और दूरदर्शी सोच के कारण ही आज अंबाला कैंट को ऐसा विश्वस्तरीय मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर और आधुनिक मशीनें मिल पाई हैं, जिनकी बदौलत आज सरकारी अस्पताल में भी वो ऑपरेशन मुमकिन हो रहे हैं जो बड़े-बड़े कॉर्पोरेट अस्पतालों में भी फेल हो जाते हैं।
इसके साथ ही टीम ने अस्पताल की पीएमओ (PMO) डॉक्टर पूजा पेंटल का भी विशेष रूप से धन्यवाद किया, जिनके निरंतर प्रशासनिक सहयोग, सही मार्गदर्शन और हौसला-अफजाई की वजह से पूरी टीम बिना किसी मानसिक तनाव के इस बड़े और जटिल मिशन को कामयाब कर सकी।
#AmbalaNews #AtalCancerCareCentre #MedicalMarvelAmbala #DrMeenakshiRanaBhushan #AnilVij #DrPoojaPaintalPMO #CivilHospitalAmbala #RareSurgerySuccess #HaryanaHealthDepartment #AmbalaCantt #GynecologyExcellence #GovernmentHospitalSuccess
Previous
माय भारत पोर्टल युवाओं के लिए ‘सिंगल विंडो सॉल्यूशन’ के रूप में विकसित हो- मुख्य सचिव राजस्थान
Next