साइबर फ्रॉड होते ही डायल करें 1930: अम्बाला बस स्टैंड पर पुलिस ने चलाया विशेष जागरूकता अभियान

अम्बाला, 2 अप्रैल (अन्‍नू): आमजन को साइबर ठगों के जाल से बचाने के लिए अम्बाला पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी कड़ी में 1 अप्रैल 2026 को अम्बाला शहर के बस स्टैंड पर 'राहगीरी कार्यक्रम' के तहत एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। साइबर पुलिस की टीम ने बस स्टैंड पर मौजूद यात्रियों और राहगीरों को वर्तमान में बढ़ रहे ऑनलाइन अपराधों के प्रति सचेत किया।



इन बातों का रखें खास ख्याल कार्यक्रम के दौरान साइबर सेल के उप-निरीक्षक फकीर चंद और महिला सिपाही रेणू ने लोगों को विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपने बैंक खाते, क्रेडिट या डेबिट कार्ड की जानकारी साझा न करें। व्हाट्सएप पर आने वाले संदिग्ध लिंक को न खोलें और अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स (फेसबुक, व्हाट्सएप) के पासवर्ड समय-समय पर बदलते रहें।


डिजिटल अरेस्ट और फर्जी बुकिंग से बचें पुलिस टीम ने चेतावनी दी कि आजकल ठग पुलिस की वर्दी पहनकर वीडियो कॉल करते हैं और 'डिजिटल अरेस्ट' के नाम पर डराते हैं, इनसे डरने की जरूरत नहीं है। साथ ही, चार धाम यात्रा के नाम पर हेलीकॉप्टर और होटल की ऑनलाइन बुकिंग करने वाले फर्जी विज्ञापनों से भी सावधान रहें। किसी भी अनजान व्यक्ति की वीडियो कॉल न उठाएं और लालच में आकर ऑनलाइन सस्ता सामान खरीदने से बचें।


ठगी होने पर तुरंत करें यह काम अम्बाला पुलिस का कहना है कि सतर्कता ही साइबर अपराध से बचने का सबसे प्रभावी तरीका है। यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है, तो उसे बिना देरी किए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करनी चाहिए या सरकार के पोर्टल cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज करानी चाहिए, ताकि समय रहते पैसे ब्लॉक किए जा सकें और कार्रवाई हो सके।



#AmbalaPolice #CyberAwareness #HaryanaPolice #CyberSafeIndia #OnlineFraud #StayAlert #AmbalaNews #DanikKhabar

Previous

नई आपराधिक विधियों के प्रभावी क्रियान्वयन से जांच प्रक्रिया में तेजी, तकनीक आधारित पुलिसिंग को मिल रही मजबूती : राजस्थान

Next

यू.एच.बी.वी.एन पंचकूला जोन के उपभोक्ताओं की 06, 13, 20 और 27 अप्रैल में चार दिन करेगा शिकायतों का निवारण