डीजीआर दिल्ली में पूर्व सैनिकों के लिए विशिष्ट रोजगार मेले का आयोजन करेगा
आरएस अनेजा, 28 अगस्त नई दिल्ली
रक्षा मंत्रालय के भूतपूर्व सैनिक कल्याण विभाग का पुनर्वास महानिदेशालय (डीजीआर) आगामी 29 अगस्त को पूर्व सैनिकों (ईएसएम) के लिए दिल्ली छावनी में एक रोज़गार मेले का आयोजन कर रहा है जिससे कि पूर्व सैनिकों को नागरिक कार्यबल में शामिल होने के लिए सशक्त बनाया जा सके और सहायता प्रदान की जा सके। ईएसएम और नियोक्ताओं के लिए पंजीकरण अभी खुला हुआ है और निःशुल्क है।
मेले में शामिल होने के लिए पंजीकरण वेबसाइट पर भी किए जा सकते हैं जोकि www.esmhire.com है। यह पहल सेना, नौसेना और वायु सेना के पूर्व सैनिकों को सुरक्षा, आईटी, लॉजिस्टिक्स, स्वास्थ्य सेवा, प्रशासन और इंजीनियरिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों के अग्रणी नियोक्ताओं से कनेक्ट करने के लिए एक समर्पित मंच प्रदान करेगी। पंजीकरण के माध्यम से नियोक्ताओं को मिशन के लिए तैयार, कुशल पेशेवरों के एक समूह तक नि:शुल्क पहुंच प्राप्त होगी।
नियोक्ता रोजगार मेले के दौरान पहले से चुने गए उम्मीदवारों के साक्षात्कार और चयन की योजना बना सकते हैं। अपने वार्षिक कैलेंडर के एक हिस्से के रूप में डीजीआर वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान पूरे भारत में 18 रोज़गार मेले के आयोजित कर रहा है, जिनमें से तीन दिल्ली, चेन्नई और अहमदाबाद में पहले ही सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं। दिल्ली में होने वाले इस आयोजन में मौके पर ही भर्ती के साथ-साथ नियोक्ताओं के लिए चयनित उम्मीदवारों से जुड़ने के अवसर भी शामिल होंगे। पंजीकरण के लिए लिंक डीजीआर की वेबसाइट ( www.dgrindia.gov.in ) पर भी उपलब्ध है।
#mod